चैंपियंस ट्राफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी टीम इंडिया के सवाल पर उमर अब्दुल्ला भड़के, जानिए क्या कहा?
Champions Trophy 2025: अगले वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पाकिस्तान करने जा रहा है। लेकिन इस बीच भारत ने साफ कर दिया है कि अगले वर्ष पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने भारत की टीम पाक नहीं जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि यह टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल पर हो सकता है।
हाइब्रिड मॉडल के तहत पाक की मेजबानी में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाक के बीच मैच न्यूट्रल वेन्यू पर होगा। इसके तहत भारत-पाक के मैच या तो श्रीलंका में खेले जा सकते हैं या फिर यूएई में खेले जाएंगे। अगल वर्ष फरवरी से मार्च के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होगा, पाकिस्तान ने आईसीसी को इसका शेड्यूल सौंप दिया है।

इस शेड्यूल में भारत के सभी मैच लाहौर में रखे गए हैं, लेकिन बीसीसीआई की ओर से इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा गया है। हालांकि बीसीसीआई के सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान को यह स्पष्ट कर दिया गया है कि भारत की टीम मैच खेलने पाकिस्तान नहीं जाएगी।
इस खबर के सामने आने के बाद जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी प्रतिक्रिया दी है। उमर अब्दुल्ला ने इसके लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि दोनों देशों के बीच बेहतर संबंध की जिम्मेदारी पाकिस्तान पर ज्यादा है।
भारतीय टीम के पाकिस्तान नहीं जाने के सवाल पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ये कौन सी नई बात है, काफी साल हो गए हैं हमने एक दूसरे के मुल्कों में नहीं खेला है। टूर्नामेंट के हवाले से अगर भारत की टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी तो यह बीसीसीआई का अपना फैसला है।
उमर ने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि इस मुल्क में और इन दोनों मुल्कों के बीच बेहतर रिश्ते कायम करने में जिम्मेदारी सिर्फ हमारे मुल्क की नहीं है। अगर दोनों मुल्कों के बीच बेहतर रिश्ते बनाने हैं तो इसकी बहुत ज्यादा जिम्मेदारी पाकिस्तान की भी बनती है।
जिस तरह के हमले हो रहे हैं वो नहीं होने चाहिए, जिस तरह का माहौल बना हुआ है, वह नहीं बनना चाहिए। पाकिस्तान को भी इसमे अपना रोल अदा करना होगा ताकि दोनों मुल्कों के बीच रिश्ते बेहतर हो सकें।












Click it and Unblock the Notifications