कौन हैं सेंट्रल विस्टा डिजाइन करने वाले बिमल पटेल? जिन्हें लोग बता रहे हैं पीएम मोदी का विश्वकर्मा!
नई दिल्ली, 12 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देखरेख में विकसित की गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक सेंट्रल विस्टा एवेन्यू है। जिसका आधिकारिक तौर पर 8 सितंबर को उद्घाटन किया गया था। सेंट्रल विस्टा पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जिसका कई हजार करोड़ का बजट है। पीएम मोदी के इस सपने को पूरा करने का काम आर्किटेक्ट बिमल पटेल के मिला है। यूं कह सकते हैं कि विमल पटेल पीएम मोदी के विश्वकर्मा हैं। वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दो दशकों से जुड़े हैं। कुछ लोग उन्हें 'मोदी का आदमी' भी कहते हैं।

इन अहम बिल्डिंग्स को भी बिमल पटेल ने किया है डिजाइन
विमल पटेल सिर्फ सेंट्रल विस्टा एवेन्यू के डिजाइनर नहीं है, बल्कि उन्होंने देश में कई महत्वपूर्ण इमारतों को डिजाइन किया है। वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और पुरी में जगन्नाथ मंदिर की मास्टर प्लानिंग होभारत के कल्चरल और अरबन लैंडस्केप के ये सभी सिंबल्स भले ही देश के अलग-अलग कोनों में स्थित हैं, लेकिन इनका मास्टर आर्किटेक्ट एक ही हैं- बिमल पटेल।

गुजरात में कई बड़े प्रोजेक्ट पर कर चुके हैं काम
बिमल पटेल अहमदाबाद में सीईपीटी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष हैं और एचसीपी डिजाइन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड-योजना और परियोजना प्रबंधन फर्म के कर्ताधर्ता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन की डिजाइन का जिम्मा भी पटेल की कंपनी एचसीपी डिजाइन को सौंपा है। इन ऐतिहासिक परियोजनाओं के अलावा, एचसीपी ने गुजरात के शहरों में हाल ही में कई बड़ी शहरी परियोजनाओं में अपनी सेवाएं दी हैं।

अहमदाबाद का साबरमती रिवर फ्रंट
चाहे वह गांधीनगर का सेंट्रल विस्टा हो, अहमदाबाद में कई रिवरफ्रंट पार्क हों, अहमदाबाद में वॉल्ड सिटी रिवाइटलाइजेशन प्लान हो, अहमदाबाद का ट्रांजिट ओरिएंटेड जोन हो या अहमदाबाद में सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, पटेल की कंपनी इन सभी परियोजनाओं में शामिल है। इसी तरह, हैदराबाद की आगा खान अकादमी, मुंबई की अमूल डेयरी, चेन्नई के कंटेनर टर्मिनल, आईआईटी जोधपुर की डिजाइन और देश के कुछ हिस्सों में ऐसी कई अन्य शहरी संरचनाएं पटेल की कंपनी ने तैयार की हैं।

विरासत में मिली आर्किटेक्चर
बिमल हसमुख पटेल गुजराती हैं। उन्होंने सेंट जेवियर्स स्कूल से पढ़ाई की। उनके पिता हसमुख पटेल भी आर्किटेक्ट थे। इसी के चलते 12वीं के बाद उन्होंने आर्किटेक्चर को चुना और CEPT यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षा में टॉप किया। आर्किटेक्चर में डिप्लोमा हासिल करने के बाद उन्होंने आर्किटेक्चर में मास्टर्स, सिटी प्लानिंग में मास्टर्स और बर्कले यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया से सिटी एंड रीजनल प्लानिंग में पीएचडी की। 1960 में डिजाइन फर्म HCP डिजाइन लिमिटेड की शुरुआत बिमल पटेल के पिता हसमुख पटेल ने अहमदाबाद में एक छोटे से कमरे में की थी। एचसीपी 40 लोगों के साथ शुरू हुई थी और अब वहां 300 कर्मचारी हैं। टेल की पत्नी इस्मत खम्बट्टा मशहूर फर्नीचर डिजाइनर हैं।

विपक्ष उन्हें मोदी का आर्किटेक्ट बताते हैं
बिमल पटेल ने अपने पहले प्रोजेक्ट के तौर पर अहमदाबाद में द एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट को डिजाइन किया था। बिमल के पास आर्किटेक्ट के क्षेत्र में 35 साल से ज्यादा का अनुभव है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट की डिजाइन के लिए बिमल पटेल को चुने जाने के बाद उन्हें विपक्ष की आलोचना का सामना भी करना पड़ा। विपक्ष और कुछ संगठन उन्हें मोदी का आर्किटेक्ट कहते हैं।

बिमल पटेल ने लोकसभा को नाचते हुए मोर का आकार दिया है
बिमल पटेल ने लोकसभा को नाचते हुए मोर का आकार दिया है। मोर हमारा राष्ट्रीय पक्षी भी है। वहीं राज्यसभा की थीम कमल है। कमल हमारा राष्ट्रीय फूल है और BJP का चुनाव चिन्ह भी। उम्मीद है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जीते हुए सांसद नए संसद भवन में बैठेंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट में पुरानी बिल्डिंग के दोनों तरफ ट्राएंगल शेप में दो बिल्डिंग बनेंगी। पुराने संसद भवन का आकार गोल है, जबकि नई संसद तिकोने आकार में होगी। इसके चलते नई और पुरानी बिल्डिंग्स को एक साथ देखने पर डायमंड लुक नजर आएगा।

2019 में मोदी सरकार ने उन्हें पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया
2002 में बिमल पटेल को प्रधानमंत्री नेशनल अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन अर्बन प्लानिंग एंड डिजाइन से सम्मानित किया। इसके बाद साल 2019 में मोदी सरकार ने उन्हें पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। डॉ बिमल अहमदाबाद में सीईपीटी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष हैं और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हैं।












Click it and Unblock the Notifications