बाहुबली फिल्म को लेकर मोदी के मंत्री ने दिया बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू बोले बाहुबली जैसी फिल्म मेक इन इंडिया का जबरदस्त उदाहरण है, इस फिल्म ने हमें गौरान्वित किया है।
नई दिल्ली। एसएस राजमौली की चर्चित फिल्म बाहुबली 2 सिनेमा हॉल में जबरदस्त धूम मचा रही है और बड़ी संख्या में लोग इस फिल्म को देखने के लिए हॉल में इकट्ठा हो रहे हैं, यही नहीं माना जा रहा है कि यह फिल्म 1000 करोड़ रुपए की कमाई को भी पार कर जाएगी। फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और उनके अभिनय की काफी तारीफ हो रही हैं, लेकिन इन सब के बीच केंद्रीय मंत्री ने फिल्म को मेक इन इंडिया से जोड़ दिया है।

केंद्रीय शहरी एवं विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने बाहुबली 2 फिल्म को मेक इन इंडिया का चमकता उदाहरण बताते हुए कहा कि अब जो भी फिल्में बन रही हैं उसमे मेक इन इंडिया की झलक देखने को साफ मिल रही है, यह ना सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में लोकप्रिय हो रहा है। नायडू ने कहा इन तमाम फिल्मों दंगल, सुल्तान और हाल ही में रीलीज हुई बाहुबली मेक इन इंडिया देखने को मिल रहा है। 64वे राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड समारोह में बोलते हुए नायडू ने यह बात कही।
नायडू ने कहा कि बाहुबली का जिक्र दुनियाभर में हो रहा है, यह फिल्म विशालता में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो रही है, यह मेक इन इंडिया का जीता जागता उदाहरण है, यह भारत में टैलेंट को दिखाता है कि यहां कैसे प्रतिभा आगे बढ़ रही है। मैं फिल्म के निर्माता को इसके लिए बधाई देता हूं जिन्होंने जबरदस्त अनुभव और कौशल का प्रमाण इस फिल्म में दिया है जोकि हमें गर्व करने का मौका देती है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं भारतीय सिनेमा के इस पल को देख रहा हूं, जोकि सभी भारतीयों के लिए एक धर्म है।
इसे भी पढ़ें- राहुल ने फिर शेयर की पापा संग दिल छू लेने वाली तस्वीर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिनेमा की भाषा पूरी दुनिया में एक है, भारतीय सिनेमा ने भारत की संस्कृति विरासत और धरोहर को दुनियाभर में पहुंचाया है। हमारे यहां बेहतरीन लैंडस्केप, संस्कृति, भाषा का सिनेमा ने हर तरफ प्रसार किया है, इसके साथ ही सिनेमा भारत के एकीकरण के धागे में भी बांधता है। जब पहली फिल्म राजा हरीशचंद्र आई थी उसके बाद आज भारतीय सिनेमा बड़े बदलाव के दौर से गुजरा है।












Click it and Unblock the Notifications