आर्थिक रूप से कमजोर होनहार छात्रों की पढ़ाई-लिखाई होगी आसान, केंद्र की इस योजना में मिलेगा 10 लाख तक का लोन
PM Vidyalakshmi Yojana: केंद्र सरकार ने छात्रों की उच्च शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाने के लिए एक बड़ी पहल की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के तहत सरकार ने उन छात्रों के लिए 10 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। जो आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहे थे। इस योजना का उद्देश्य देशभर के 860 से अधिक प्रतिष्ठित उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। ताकि कोई भी छात्र धन की कमी के कारण अपनी पढ़ाई अधूरी न छोड़े।
हर साल लगभग 22 लाख छात्रों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य लेकर यह योजना छात्रों को बिना किसी संपार्श्विक या गारंटी के आसानी से ऋण उपलब्ध कराती है। सरकार ने 7.5 लाख रुपए तक के ऋण के लिए 75 प्रतिशत क्रेडिट गारंटी देने का वादा किया है। जिससे बैंक इन छात्रों के ऋण आवेदनों पर अधिक भरोसा कर सकें। साथ ही 8 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के छात्रों के लिए इस योजना के तहत ऋण पर ब्याज दर सिर्फ 3 प्रतिशत होगी। वहीं 4.5 लाख रुपए तक की आय वाले परिवारों के छात्रों को इस पर पूरी ब्याज छूट मिलेगी।

योजना में छात्रों के लिए सरल आवेदन प्रक्रिया
इस योजना के तहत छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों को एक आसान और पारदर्शी प्रणाली में ऋण आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इस पूरी तरह से डिजिटल प्रक्रिया का उद्देश्य आवेदन को छात्रों के लिए सरल बनाना है। ताकि वे उच्च शिक्षा के लिए बिना किसी परेशानी के वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकें।
उच्च शिक्षा को लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में कदम
प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के माध्यम से सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी छात्र की शैक्षणिक आकांक्षाएं सिर्फ आर्थिक मुद्दों के कारण बाधित न हों। इस योजना के तहत वित्तीय सहायता और सरल आवेदन प्रक्रिया के साथ सरकार हर छात्र के उज्जवल भविष्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर रही है। जिससे आने वाली पीढ़ियां अधिक शिक्षित और सशक्त बनेंगी।
इस योजना के माध्यम से भारत सरकार ने शिक्षा को सुलभ बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। जो कि देश की शिक्षा प्रणाली को मजबूती प्रदान करेगा और योग्य छात्रों के भविष्य को एक नई दिशा देगा।












Click it and Unblock the Notifications