केंद्र ने 9 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को टेस्टिंग बढ़ाने का दिया सुझाव, लिखा पत्र
नई दिल्ली। देश के लगभग सभी राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए केंद्र सरकार ने 9 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से कोविड-19 संबंधित टेस्टिंग बढ़ाने का कहा है। ताकि ये मरीज दूसरों को संक्रमित ना करें। तमिलनाडु, पंजाब, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर और बिहार को पत्र लिखकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव आरती आहूजा ने मामले बढ़ने को लेकर कोविड की टेस्टिंग कम होने की तरफ इशारा किया है और लिखा कि यह चिंता का कारण है।

आरती आहूजा ने 5 जनवरी को लिखे पत्र में कहा कि पर्याप्त जांच ना होने पर समुदाय में फैले संक्रमण के सही स्तर का निर्धारण करना असंभव है। अतिरिक्त सचिव आरती आहूजा ने पत्र में कहा कि ओमिक्रॉन के अप्रत्याशित और अत्यधिक संक्रामक होने और अधिकतर संक्रमितों में कोई लक्षण ना होने की बात को ध्यान में रखते हुए किसी के संक्रमित होते ही तुरंत जांच होने से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि मरीज दूसरों को संक्रमित ना करें।
इसके अलावा उन्होंने पत्र में लिखा कि यह पाया गया कि नए मामलों और संक्रमण दर के बढ़ने के बीच कोविड 19 जांच दर कम हुई है जो चिंता का कारण है। उन्होंने राज्यों को परीक्षण सामग्री, किट आदि के पर्याप्त भंडार की समीक्षा करने तथा उपलब्धता सुनिश्चित करने और जांच सुविधाओं संबंधित जरूरी सामान की नियमित व्यवस्था करने की सलाह दी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में गुरुवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के एक दिन में सर्वाधिक 495 नए मामले सामने आए, जिससे इस स्वरूप से संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 2,630 हो गई।












Click it and Unblock the Notifications