देश में शुरू हुआ 'हर घर दस्तक' टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया- इन जिलों पर है फोकस
नई दिल्ली, 13 नवंबर। देश में कोरोना टीकाकरण अभियान को और मजबूती देने के लिए सरकार ने 'हर घर दस्तक' अभियान की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी मनोहर अगनानी ने कहा कि हमने घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने का काम शुरू कर दिया है। अगनानी ने बताया कि हमारे हेल्थ वर्कर्स भारत भर में पात्र लोगों का घर-घर जाकर टीकाकरण करेंगे, जिसमें उन जिलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां अभी 50% से कम योग्य आबादी का टीकाकरण किया गया है।

30 नवंबर तक सरकार अपने इस लक्ष्य को करना चाहती है पूरा
डॉ. अगनानी महीने भर चलने वाले "हर घर दस्तक" अभियान के बारे में जागरूकता को मजबूत करने पर मीडिया के लिए एक इंटरैक्टिव वेबिनार में बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान कहा, "सरकार चाहती है कि इस अभियान के तहत 30 नवंबर तक कोविड-19 रोधी टीकों की पहली खुराक कम से 90 फीसदी पात्र लोगों को लग जाए। इसके अलावा जिन्हें दूसरी डोज लगनी है, वो भी अधिक से अधिक से दूसरी डोज लगवा लें।" आपको बता दें कि भारत में लगभग 79% योग्य आबादी को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है, जबकि अन्य 38% फीसदी लोग पूरी तरह से वैक्सीनेट हो चुके हैं। 100% वयस्क आबादी को टीके की पहली खुराक मिल चुकी है।
इस वेबिनार के दौरान डॉक्टर अगनानी ने कहा कि देशभर में वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि पहले हमारे सामने काफी चुनौतियां थी, लेकिन अब हम काफी हद तक उन चुनौतियों से निपट चुके हैं। अगनानी ने कहा कि अभी तक लोगों के बीच टीके को लेकर डर देखने को मिल रहा था, लेकिन अब धीरे-धीरे लोग वैक्सीन पर भरोसा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications