पद्मावती फिल्म की प्राइवेट स्क्रीनिंग से CBFC नाराज, ऐसा नहीं करना चाहिए था
नई दिल्ली। पद्मावती फिल्म पर पिछले कुछ दिनों से लगातार विवाद चल रहा है, लेकिन इस विवाद को खत्म करने के लिए जिस तरह से इस फिल्म को कुछ लोगों को प्राइवेट स्क्रीनिंग में दिखाया गया, उससे सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन नाराज हो गया है। बोर्ड ने फिल्म की स्क्रीनिंग को बिना बोर्ड सर्टिफिकेट के ही दिखा दिया गया है। सीबीएफसी बोर्ड का कहना है कि जिस तरह से फिल्म को कुछ लोगों को दिखाया गया और लोग फिल्म के बारे में अपनी राय रख रहे हैं, उसके बाद यह नहीं कहा जा सकता है कि यह प्राइवेट स्क्रीनिंग थी। ये ठीक नहीं है, ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। बिना बोर्ड का सर्टिफिकेट लिए फिल्म को दिखाना गलत है। प्राइवेट और पब्लिक स्क्रीनिंग के बीच बहुत छोटा अंतर होता है, ऐसे में जिस तरह से इस फिल्म को दिखाया गया है वह गलत उदाहरण पेश करेगा, फिल्म के निर्माताओं के इस रवैये से हम खुश नहीं है।

फिल्म में नहीं है विवादित सीन
आपको बता दें पद्मावती फिल्म को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। फिल्म में रानी पद्मावती और खिलजी के कथित प्रेम संबंध को दिखाए जाने की वजह से विवाद चल रहा है। हालांकि फिल्म के निर्माता संजय लीला भंसाली ने खुद इस बात से इनकार किया है कि फिल्म में खिलजी और पद्मावती के बीच किसी भी तरह का प्रेम दिखाया गया है। यही नहीं फिल्म की प्राइवेट स्क्रीनिंग देखने के बाद लोगों ने इस बात की पुष्टि की है कि फिल्म में इस तरह का कोई सीन नहीं है।

प्रसून जोशी ने जताई नाराजगी
सीबीएफसी के चेयरमैन प्रसून जोशी ने कहा कि जिस तरह से पद्मावती की स्क्रीनिंग बिना बोर्ड को दिखाए मीडिया के लिए की गई है उससे मैं निराश हूं। ऐसा करने से नियमों के साथ समझौता होता है। उन्होंने कहा कि यह निराशाजनक है कि फिल्म को आनन-फानन में सर्टिफिकेट के लिए लोगों को दिखाया जा रहा है। एक तरफ कहा जा रहा है कि फिल्म पर विवाद के लिए बोर्ड जिम्मेदार है दूसरी तरफ बोर्ड पर दबाव बनाया जा रहा है। यह एक गलत उदाहरण पेश किया गया है। प्रसून जोशी ने कहा कि पद्मावती फिल्म को सर्टिफिकेट देने के लिए आवेदन इसी हफ्ते हमारे पास आया है। फिल्म निर्माताओं ने माना है कि इसके लिए अभी कागजात तैयार नहीं हैं, फिल्म वास्तविकता पर आधारित है या कल्पना पर इसकी भी जानकारी नहीं दी गई है।

फिल्म में दीपिका, रणवीर, शाहिद
पद्मावती फिल्म में दीपिका पादुकोड़ रानी पद्मावती की भूमिका निभा रही हैं, जबकि फिल्म में रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में शाहिद कपूर भी अहम भूमिका में है। फिल्म के रीलीज के खिलाफ लगातार करणी सेना विरोध कर रही है और इसे रीलीज नहीं होने की धमकी दे रही है।
इसे भी पढ़ें-'पद्मावती' पर हुआ सवाल तो अखिलेश यादव बोले, हम पड़ी लकड़ी नहीं उठाते












Click it and Unblock the Notifications