Cauvery River Dispute: कन्नड़ समर्थक संगठनों ने 29 को कर्नाटक बंद का किया आह्वान, सभी यूनियनों से मांगा सपोर्ट
Cauvery River Dispute: बेंगलुरु के एक निजी होटल में विभिन्न संगठनों के साथ बैठक के बाद पूर्व विधायक वतल नागराज ने कावेरी मुद्दे पर 29 सितंबर को कर्नाटक बंद की घोषणा की है। कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ता ने यह भी कहा कि वह मंगलवार को जल संरक्षण समिति के अध्यक्ष कुरुबुर शांताकुमार द्वारा बुलाए गए बेंगलुरु बंद का समर्थन नहीं करेंगे।
शहर के एक निजी होटल में विभिन्न संगठन नेताओं की बैठक के बाद इस निर्णय की घोषणा की गयी। वटल नागराज ने 29 सितंबर को टाउन हॉल से फ्रीडम पार्क तक विरोध मार्च की घोषणा की। वटल नागराज ने राज्य भर में शुक्रवार को बुलाए गए बंद के लिए ट्रांसपोर्ट यूनियनों, फिल्म चैंबर, मॉल मालिकों और स्कूल और कॉलेज यूनियनों से भी समर्थन मांगा।

आपको बता दें कि बीती शनिवार को वटल नागराज के नेतृत्व में कन्नड़ समर्थक समूहों ने बंद की तारीख पर मतभेदों को सुलझाने के लिए कुरुबुर शांताकुमार से मुलाकात की। लेकिन, दोनों पक्ष किसी सहमति पर पहुंचने में विफल रहे। इस बीच, कुरुबुर शांताकुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक वर्ग मंगलवार को बंद की योजना बनाने के लिए बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एकत्र हुआ है। बंद को लेकर असमंजस की स्थिति के चलते ओला, उबर ड्राइवर्स एंड ओनर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को बुलाए गए बंद को दिया अपना समर्थन वापस ले लिया है।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी
उधर, कावेरी नदी जल बंटवारे के मुद्दे पर किसानों और कन्नड़ समर्थक संगठनों द्वारा बुलाए गए 'बंद' के मद्देनजर मांड्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसानों और कन्नड़ समर्थक संगठनों का मांड्या में विरोध प्रदर्शन जारी है। पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। माहौल को शांत रखने का पुलिस पूरा प्रयास कर रही है।
जेडीएस सांसद ने PM को लिखा पत्र
कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर जेडीएस सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कहा कि मैंने मौजूदा स्थिति पर प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है। पीएम को लिखे अपने पत्र में मैंने लिखा था कि जल शक्ति विभाग को एक समीक्षा याचिका दायर करनी चाहिए और पानी, फसल की स्थिति का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति कर्नाटक भेजी जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications