'महुआ मोइत्रा की सदस्यता रद्द हो' एथिक्स पैनल की रिपोर्ट में सिफारिश, TMC नेता बोलीं- 'मां दुर्गा आ गई...'
Cash for query case Mahua Moitra: कैश-फॉर-क्वेरी मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद (TMC) महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट में शुक्रवार (08 दिसंबर) को उनकी लोकसभा सदस्यता से निष्कासित करने की सिफारिश की गई। एथिक्स पैनल की रिपोर्ट में कहा गया है कि, 'महुआ मोइत्रा ने जो गंभीर काम किए हैं उसके लिए कड़ी सजा की जरूरत है। इसलिए, समिति सिफारिश करती है कि सांसद महुआ मोइत्रा को सत्रहवीं लोकसभा की सदस्यता से निष्कासित किया जाए।'
एथिक्स पैनल ने सिफारिश की है कि, "महुआ मोइत्रा के अत्यधिक आपत्तिजनक, अनैतिक, जघन्य और आपराधिक आचरण को देखते हुए, समिति भारत सरकार द्वारा समयबद्ध तरीके से गहन, कानूनी, संस्थागत जांच की सिफारिश करती है।"

9 नवंबर 2023 को एक बैठक में, विनोद कुमार सोनकर की अध्यक्षता वाली नैतिक समिति ने "कैश-फॉर-क्वेरी" आरोप पर महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश करते हुए अपनी रिपोर्ट पेश की है।
सूत्रों के मुताबिक एथिक्स पैनल की रिपोर्ट पर लोकसभा में दोपहर 2 बजे चर्चा शुरू होने की संभावना है। नियमों के मुताबिक लोकसभा में आधे घंटे की चर्चा की इजाजत है। उसके बाद रिपोर्ट को अपनाने के लिए एक प्रस्ताव लाया जाएगा।
महुआ मोइत्रा बोलीं- 'मां दुर्गा आ गई, अब ये महाभारत का रण देखेंगे...'
महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को लोकसभा में "कैश-फॉर-क्वेरी" मामले में एथिक्स पैनल की रिपोर्ट पेश होने से पहले पत्रकारों से बात की। महुआ मोइत्रा ने कहा, "मां दुर्गा आ गई हैं, अब देखेंगे...। जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। उन्होंने (भाजपा) 'चीरहरण' शुरू कर दिया है और अब आप 'महाभारत का रण देखेंगे।"
6 सांसदों ने किया पक्ष में मतदान
कांग्रेस सांसद परनीत कौर, जिन्हें पहले पार्टी से निलंबित कर दिया गया था, सहित पैनल के छह सदस्यों ने रिपोर्ट के पक्ष में मतदान किया है।
विपक्षी दलों के चार सदस्यों ने असहमति नोट प्रस्तुत किए है। यह रिपोर्ट पहले 04 दिसंबर के निचले सदन के एजेंडे में सूचीबद्ध थी लेकिन इसे पेश नहीं किया गया।












Click it and Unblock the Notifications