CAA:उपद्रवियों को देखते ही गोली मारें- रेल राज्यमंत्री ने दिए निर्देश, देखें Video
नई दिल्ली- नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बढ़ते उग्र प्रदर्शनों के बीच एक केंद्रीय मंत्री ने बहुत ही सख्त बयान दिया है। रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगाड़ी ने रेलवे और जिला प्रशासनों को सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को देखते ही गोली मारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि विपक्ष के बहकावे में आकर ही देशभर में असामाजिक तत्व परेशानिया पैदा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि यह सब देश की अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने के लिए किया जा रहा है।
Recommended Video

रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगाड़ी ने नागरिकता संशोधन कानून खिलाफ हो रहे हिंसक प्रदर्शन का सारा ठीकरा कांग्रेस और बाकी विपक्षी दलों पर फोड़ा है। उन्होंने कहा है- "विपक्ष समर्थित कुछ असमाजिक तत्व देश में समस्या पैदा कर रहे हैं। यह नागरिकता संशोधन कानून किसी भी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचाने जा रहा है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के जो अल्पसंख्यक हैं उन्हें हमने भारत में रहने का अधिकार दिया है। इसलिए स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोग देश की अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने के लिए बिना मतलब की समस्याए खड़ी कर रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस जैसी विपक्ष पार्टियों का समर्थन मिला हुआ है। इसलिए मैं इसकी निंदा करता हूं।"
रेल राज्यमंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा - "मैं संबंधित जिला प्रशासनों और रेलवे के अधिकारियों को सख्ती से चेतावनी देना चाहता हूं कि जो कोई भी रेलवे समेत सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है- मैं एक मंत्री के तौर पर निर्देश देता हूं कि उन्हें देखते ही गोली मारें। क्योंकि, यह करदाताओं का पैसा है। ....अगर कोई पत्थर फेंकता, आग लगाता है, उस समय सरकार को वल्लभभाई पटेल की तरह सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।"
बता दें कि इस कानून के खिलाफ देश भर के कई इलाके में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए हैं। शुरुआत उत्तर-पूर्व से हुई, जो अब शांत हो चुका है, लेकिन दिल्ली में रह-रह कर हिंसा की आग फैल रही है।












Click it and Unblock the Notifications