पुलिसवालों को घेरकर पत्थर बरसा रही थी भीड़, तभी तिरंगा लेकर पहुंचे 7 युवक और बचाई जान
विरोध प्रदर्शन के दौरान अहमदाबाद में सात मुस्लिम युवकों ने हिंसक भीड़ के बीच फंसे चार पुलिसकर्मियों की जान बचाई। देखिए Video
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ गुरुवार को देश के कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन देखने को मिले। यूपी की राजधानी लखनऊ में प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने एक पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा कई वाहनों को जला दिया गया। लखनऊ में हुई हिंसा में एक शख्स की मौत की खबर भी है। वहीं, गुजरात के अहमदाबाद में विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों की भीड़ काफी उग्र हो गई। भीड़ की हिंसा में कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान अहमदाबाद में सात मुस्लिम युवकों ने हिंसक भीड़ के बीच फंसे चार पुलिसकर्मियों की जान बचाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

भीड़ की पत्थरबाजी में फंसे चार पुलिसकर्मी
गुरुवार को अहमदाबाद के शाह-ए-आलम इलाके में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे लोगों की भीड़ अचानक हिंसक हो गई और पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को भी रोक लिया। इस दौरान हिंसक हुई भीड़ की पत्थरबाजी में चार पुलिसकर्मी फंस गए। भीड़ ने चारों पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके ऊपर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। चारों पुलिसकर्मी असहाय होकर एक दुकान की ओट में खड़े हो गए और किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी खुद को प्लास्टिक की कुर्सी से बचाता हुआ नजर आया है।

पुलिसवालों के लिए ढाल बने सात युवक
भीड़ लगातार इन पुलिसवालों के ऊपर पत्थर बरसा रही थी कि तभी एक मुस्लिम युवक आगे आया और हाथ उठाकर प्रदर्शनकारियों से पत्थर ना मारने की अपील की। युवक को देखकर कुछ और लड़के भी आगे आए और पुलिसवालों को बचाने लगे। इस दौरान एक युवक ने वहां पड़ी एक बेंच उठाकर उससे ढाल की तरह पुलिसवालों को पत्थरों से बचाने की कोशिश की। जबकि, अन्य युवकों ने तिरंगा लहराते हुए लोगों से पत्थर ना मारने की अपील की। इन युवकों की संख्या सात थी, जो ढाल बनकर पुलिसवालों के सामने खड़े हो गए और उनकी जान बचाई।

पुलिसकर्मियों को भीड़ से बचाकर निकाला
इसके बाद इन युवकों ने पुलिसकर्मियों को भीड़ से बचाकर आगे निकाल दिया। इस बारे में जानकारी देते हुए इलाके के पार्षद बदरुद्दीन शेख ने बताया, 'हमारे इलाके के लड़कों ने जब पुलिसकर्मियों को घिरा देखा तो वो तुरंत दौड़े और भीड़ के सामने खड़े होकर पुलिसवालों की जान बचाई। अंत में मानवता की जीत हुई।' आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ गुरुवार को गुजरात के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुआ। विरोध प्रदर्शन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
देखिए वीडियो:-
5000 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
गौरतलब है कि गुरुवार को भीड़ को शांत कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों के वाहनों पर पथराव किया गया था। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भीड़ के बीच फंसा गया, जिसकी भीड़ ने लाठी डंडों से बुरी तरह पिटाई की। गुजरात में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस ने करीब 5000 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, अहमदाबाद पुलिस ने हिंसा फैलाने के आरोप में 49 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में कांग्रेस पार्षद शहजाद खान भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications