CAA Protest: क्या दिल्ली में प्रदर्शन के लिए WhatsApp ग्रुप का लिया गया सहारा?
नई दिल्ली। संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों के अलावा दिल्ली, बिहार, कर्नाटक, मुंबई और उत्तर प्रदेश में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, दिल्ली में ये विरोध प्रदर्शन जोर पकड़ता जा रहा है, जिसे देखते हुए कई इलाकों में धारा 144 लगाई गई है जबकि बिना इजाजत प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में भी लिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन को ऐसे इनपुट मिले हैं कि व्हाट्सऐप के जरिए लोगों को प्रदर्शन के लिए इकट्ठा किया जा रहा है।

एएनआई के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में व्हाट्सऐप के जरिए लोगों को इकट्ठा किया गया। हालांकि, इसको लेकर कोई दल सामने नहीं आया है। कुछ स्थानों की पहचान की गई है और अधिकारियों ने इसकी स्थानीय खुफिया जानकारी मांगी है। दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही कॉलिंग और एसएमएस सेवा को भी रोक दी गई है। भारती एयरटेल की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है।
दिल्ली में इंटरनेट-कालिंग और एसएमएस सेवा बंद किए जाने को लेकर टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल की ओर से जानकारी दी गई है। इसमें कंपनी ने कहा, 'हम सरकार से प्राप्त निर्देशों का पालन कर रहे हैं। दिल्ली में कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट, कॉलिंग और एसएमएस सेवा सस्पेंड कर दी गई है।' दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने निर्देश में कहा था कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए गुरुवार सुबह 9 बजे से दिन के एक बजे तक मंडी हाउस, सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, जामिया नगर, शाहीन बाग और बवाना में वॉयस कॉलिंग, एसएमएस और इंटरनेट सेवाएं रोक दी जाएंगी।
बता दें कि नागरिकता संशोधन एक्ट, 2019 में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है। कांग्रेस समेत ज्यादातर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन इस बिल का विरोध कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications