उपचुनाव: कांग्रेस ने केरल असम, पुडुचेरी, छत्तीसगढ़ के लिए घोषित किए उम्मीदवार
नई दिल्ली। कांग्रेस ने 21 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केरल, असम, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ की सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवार के नामों पर मुहर लगाई। केरल और असम में चार-चार, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर चुनाव है।

असम की रतनबाड़ी सीट (अनुसूचित जाति) से केशब प्रसाद रजाक, जानिया सीट से शमशुल हक, रंगापाड़ा से कार्तिक कुर्मी और सोनारी से सुशील सूरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। केरल की एर्नाकुलम सीट से टीजे विनोद को, अरूर से शानिमुल उस्मान, कोन्नी से पी मोहनराजन और वट्टीयूरकावु सीट से डॉ के. मोहन कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ की चित्रकूट (एससी) सीट से राजमन बेंजम को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। पुडुचेरी के कामराज नगर निर्वाचन क्षेत्र से जॉन कुमार को कांग्रेस ने टिकट देकर मैदान में उतारा है।
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के साथ 17 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और एक केंद्र शासित प्रदेश में उपचुनाव 21 अक्टूबर को होने हैं। 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 1 अक्टूबर तक की जाएगी। नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 3 अक्टूबर है।












Click it and Unblock the Notifications