तिहाड़ जेल से व्यापारी को दी धमकी, वीडियो कॉल के जरिए मांगे 50 लाख
नई दिल्ली। दिल्ली की जानी मानी तिहाड़ जेल में कई बड़े गुनहगार सजा काट रहे हैं। लेकिन हालिया घटना में मालूम हुआ कि यहां रह रहे गैंग्सटर्स जेल का अंदर भी कम आजाद नहीं। दरअसल दिल्ली के रोहिणी के एक व्यापारी के दफतर में लगभग 15 लोग घुस आए और प्रोटेक्श मनी के रूप में 50 लाख रुपये की मांग कर दी। इतना ही नहीं बल्कि इस दौरान उसे एक वीडियो कॉल उठाने के लिए भी मजबूर किया गया। ये गैंग्सटर राहुल काला का वीडियो कॉल था जो कि तिहाड़ जेल से किया गया था। बता दें कि काला जाने माने गैंग्सटर नीरज बवाना का साथी है।

राहुल काला ने धमकाने को भेजी फोटो
व्यापारी ने बताया कि इस घटना से एक दिन पहले 25 दिसंबर को भी काला ने उसे एक वीडियो कॉल पर धमकाते हुए 50 लाख रुपयों की मांग की थी। काला ने तब उसे एक फोटो भी भेजी थी जिसमें वह जाने माने गैंग्सटर नीरज बवाना के बगल में अकेला खड़ा था। वह नीरज बवाना का डर दिखाना चाहता था। इसके अगले दिन शाम 4 बजे 15 लोग उसके दफ्तर में घुस आए और पैसों की मांग करने लगे।

वीडियो कॉल पर गंदी गालियां दे रहा था राहुल काला
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब दफ्तर पहुंचे लोगों के कहने पर उसने काला का वीडियो कॉल उठाया तो वह तिहाड़ जेल में था और गंदी गालियां दे रहा था। और 50 लाख रुपये न देने पर उसके परिवार को जान से मार देने की धमकी दे रहा था। व्यापारी ने बताया कि 50 लाख रुपये लाने के लिए उसे 1 दिन का समय दिया गया। उनके जाने के बाद उसने पुलिस को इसकी शिकायत कर दी।

तिहाड़ के मोबाइल जैमर के बावजूद कैसे हुई वीडियो कॉल
इसके बाद 26 जनवरी को व्यापारी के फोन पर मैसेज आया- 'हा के चावे हा बता' यानी 'क्या चाहते हो बताओ'। इसकी जानकारी उसने पुलिस को दी। पुलिस कमीश्नर अमूल्य पटनायक ने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया है। जांच में मालूम हुआ है कि इस वीडियो कॉल के लिए इंटरनेश्नल नंबर प्रयोग किया गया है। लेकिन इस चीज की जांच चल रही है कि मोबाइल जैमर लगे होने के बावजूद तिहाड़ से काल करना संभव कैसे हुआ।












Click it and Unblock the Notifications