गुजरात के बनासकांठा में बड़ा बस हादसा, 18 लोगों की मौत
बनासकांठा। गुजरात के बनासकांठा में बड़ा बस हादसा हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 30 से ज्यादा यात्रियों को लेकर जा रही एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है, वहीं कई लोग घायल भी हुए हैं। अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी एसजी शाह ने इस बस दुर्घटना में 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। हादसे की सूचना के बाद तुरंत ही राहत और बचाव का काम शुरू हो गया। इस बीच खबर ये भी है कि कई लोग अभी भी बस के नीचे दबे हुए हैं जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।

बनासकांठा में अंबाजी के नजदीक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गुजरात के बनासकांठा में अंबाजी के नजदीक स्थित त्रिशूलिया घाट पर सोमवार की शाम 4 बजे के करीब एक प्राइवेट बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है। अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी एसजी शाह ने 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। वहीं 15 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत ही अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से राहत-बचाव का कार्य जारी है।

त्रिशूलिया घाट के पास टर्न लेते समय खाई में गिरी बस
संवाददाता के मुताबिक, अंबाजी-दांता हाइवे पर स्थित त्रिशूलिया घाट के पास टर्न लेते समय ये बस खाई में गिरी। जिस समय ये हादसा हुआ बस में तकरीबन 30 से ज्यादा लोग सवार थे। इस हादसे में कई लोग बस के नीचे दब गए। हादसे के बाद हाइवे पर मुसाफिरों की चीखें सुनाई देने लगीं। बारिश के मौसम में हुए इस हादसे को देखकर हरकोई सन्न रह गया। हालांकि, स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

राहत-बचाव का काम जारी
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव का काम शुरू हो गया। पुलिस टीम के साथ-साथ 108 (एंबुलेंस सेवा) की एक टीम भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस टीम हादसे में फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस बीच पीएम मोदी, अमित शाह ने इतने बड़े बस हादसे पर दुख जताया है।












Click it and Unblock the Notifications