एम्स में बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक का स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने किया उद्घाटन
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने आज एम्स, नई दिल्ली के नवनिर्मित बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक का उद्घाटन किया और इसे 'द फादर ऑफ प्लास्टिक सर्जरी सुश्रुत को समर्पित किया। ये जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा दी गई।

Recommended Video
एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया कहा इस बर्न यूनिट में 30 आईसीयू बेड, 10 प्राइवेट बेड और 60 जनरल बेड होंगे। बर्न और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक में 30 आईसीयू बेड 30 अलग अलग कमरों में होंगे। इमीजेंसी मरीजों के लिए 6 बेड रखे गए है। छह बेड की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया 24040 वर्ग मीटर में मौजूद इस आठ मंजिला ब्लॉक में रसोई, लॉन्ड्री समेत अन्य सुविधाएं दी जा रही है। एम्स निदेशक ने बताया कि इस यूनिट में एक वर्ष में लगभग 15 हजार जले हुए मरीजों की आपात स्थिति में उपचार करने और 5 हजार को एडमिट करने की क्षमता है।
गौरतलब है कि अभी तक बर्न के केस एम्स में नहीं लिए जाते थे, लेकिन अब अलग से इन मरीजों के लिए सुविधा तैयार हो चुकी है। जल्द ही अस्पताल में ओपीडी सेवा भी शुरू होगी। साथ ही नया ब्लॉक बनने से दिल्ली एम्स में प्लास्टिक सर्जरी की वेटिंग भी कम हो सकेगी। इस यूनिट में स्किन बैंक भी है। चिकित्सकों ने बताया कि अभी इसमें कोई त्वचा दान नहीं हुई है। कोरोना के चलते पूर्ण रूप से ये यूनिट नहीं शुरू की जाएगी लेकिन कई मेडिकल सुविधाएं दी जाएगी। एम्स की इस नई यूनिट में आने वाले दिनों में हेयर ट्रांसप्लांट से लेकर हाथ का भी प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध होगी। इस यूनिट में देश के चुनिंदा डाक्टरों को रखा जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि जलने से होने वाले घाव, काम करने वालों के नुकसान के बड़े कारणों में से एक है और ये भारत जैसे तेजी से विकसित अर्थव्यवस्था वाले देश के लिए चिंता का विषय है। भारत में प्रति वर्ष जलने की 70 लाख घटनाएं होती हैं और प्रति वर्ष 1.4 लाख जलने से प्रभावित लोग मृत्यु के शिकार होते हैं। इसके अलावा 2.4 लाख ऐसे रोगियों में गंभीर विकृति उत्पन्न हो जाती हैं। उन्होंने कहा ऐसे मरीजों के इलाज के लिए सुविधाएं बहुत कम हैं लेकिन एम्स में ये बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी यूनिट खुलने से ऐसे मरीजों का बेहतर इलाज हो सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications