जम्मू-कश्मीर- टेरिटोरियल आर्मी के जवान की डेड बॉडी मिलने से हड़कंप
आतंकियों ने शुक्रवार को इरफान अहमद डार का अपहरण किया था।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के टेरिटोरियल आर्मी के जवान इरफान अहमद डार की डेड बॉडी शोपिया से बरामद की गई है। इरफान अहमद डार छुट्टी पर था और शुक्रवार से गायब चल रहा था। 23 साल के इस जवान का शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। खबरों के मुताबिक आतंकवादियों ने इरफान अहमद डार की अपहरण कर हत्या की है। आतंकियों ने शुक्रवार को इरफान अहमद डार का अपहरण किया था।

पुलिस ने बताया कि डार का मृत शरीर शोपियां ज़िला स्थित वुथमुल्ला गांव के कीगाम से मिला है। उन्हें स्थानीय निवासियों ने मृत शरीर पाये जाने की ख़बर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को जांच के लिए भेज दिया है।
एसएसपी शोपियां अम्बारकर श्रीराम ने कहा कि उसे आतंकियों द्वारा अगवा किये जाने का शक था। उसकी कार भी घटनास्थल के पास मिली।पुलिस ने बताया कि इरफान 10 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। वहीं जवान की मौत पर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि ऐसे बर्बर कृत्यों से घाटी में शांति और सामान्य हालत लाने की हमारी प्रतिबद्धता कमजोर नहीं होगी।
गौरतलब है कि इस वर्ष जवान का अपहरण कर हत्या करने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले मई में सेना के लेफ्टिनेंट उमर को भी किडनैप करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। 22 वर्षीय उमर शोपियां में अपने घर में एक शादी समारोह में भाग लेने आए थे।
जम्मू-कश्मीर के 2 राजपूताना रायफल्स में तैनात सेना के लेफ्टिनेंट उमर फयाज के लिए उनकी पहली छुट्टी ही जिंदगी की आखिरी छुट्टी बन गई थी। आतंकियों ने फैयाज को शादी समारोह से अगवा कर मई महीने उनकी हत्या कर दी थी। फयाज का गोलियों से छलनी शव दक्षिणी कश्मीर के हरमन में मिला था।












Click it and Unblock the Notifications