बुलंदशहर हिंसाः फरार 18 आरोपियों की तस्वीर जारी, कुर्क होगी संपत्ति
मेरठ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोवंश अवशेष को लेकर हिंसा और इंस्पेक्टर हत्या मामले में अभी भी 18 आरोपी फरार हैं। यूपी एसटीएफ ने अभी तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 27 लोगों को हिंसा मामले में नामजद आरोपी बनाया है। हिंसा में आरोपी बनाए गए कई लोग अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस इन आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि इस मामले में आज एसटीएफ ने एक आऱोपी रमेश योगी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस ने मामले में फरार 18 आरोपियों की तस्वीर जारी की है। इसके साथ ही पुलिस ने कहा है कि फरार चल रहे सभी आरोपियों की चल संपत्ति जब्त की जाएगी। इससे पहले मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी योगेश राज समेत 16 नामजद आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए चिंगरावठी, महाब, नयाबांस अमेट अन्य गांवों में लगातार दबिश दे रही है। दूसरी तरफ इस मामले में नामजद फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इससे पहले 3 दिसंबर को हुए बवाल के बाद चिंगरावठी गांव के दो और नामजद आरोपी मोहित और नितिन को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो फुटेज से पहचान करने के बाद दोनों की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले जीतू फौजी समेत नौ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
बुलंदशहर हिंसा के आरोपियों को तलाशने में पुलिस दिन-रात जुटी हुई है। पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि आरोपी रमेश योगी अपने गांव आनेवाला है। शुक्रवार के तड़के उसे पुलिस ने दबोच लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह को गोली किसने मारी थी, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है। पुलिस को उम्मीद है कि इन आरोपियों से पूछताछ में असली हत्यारे का पता लग सकता है।












Click it and Unblock the Notifications