बजट सत्र: भाजपा ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप, सदन में हाजिर रहने को कहा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर लोकसभा और राज्यसभा में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। बीजेपी ने तीन लाइन की व्हिप जारी कर सांसदों को कहा है कि बुधवार को पूरे दिन सदन में हाजिर रहें और सरकार जो बिल या प्रस्ताव लाती है, उसका समर्थन सदन के भीतर करें।

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुए चर्चा का जवाब दे सकते हैं। इसी के चलते व्हिप जारी किया गया है। सरकार का पक्ष मजबूती से रखने के लिए बीजेपी ने अपने सांसदों को उपस्थित रहने को कहा है। पीएम ने सोमवार को राज्यसभा में जवाब दिया था।
संसद का मौजूदा बजट सत्र हंगामेदार रहा है। किसान आंदोलन, चीन और विदेश नीति को लेकर सरकार को लगातार विपक्ष के भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। ये सत्र 29 जनवरी से शुरू हुआ है। एक फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया गया था। सत्र का मौजूदा पहला भाग 15 फरवरी तक चलेगा। वहीं बजट सेशन का दूसरा भाग 8 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications