29 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र, 1 फरवरी को बजट पेश करेंगे वित्त मंत्री अरुण जेटली
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र इस बार 29 जनवरी से 9 फरवरी तक और 5 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने बताया है कि बजट सत्र दो भागों में बुलाया जाएगा। बजट का पहला सेशन 29 जनवरी से 9 फरवरी तक चलेगा। 1 फरवरी को वित्त मंत्री अरुण जेटली साल 2018-19 के वित्तीय वर्ष के लिए बजट पेश करेंगे।बजट का दूसरा सेशन 5 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा।

बीते साल से बदली है बजट की तारीख
अब तक सरकार बजट पेश करने की तारीख 28 फरवरी हुआ करती थी और रेल बजट अलग से पेश किया जाता था। पिछले साल रेल और आम बजट को एकसाथ पेश करने के बाद अब इस साल आम बजट को भी 1 फरवरी को ही पेश कर दिया जाएगा। मोदी सरकार ने साल 2017 में चलन को बदलते हुए बजट की तारीख 1 फरवरी कर दी और रेल बजट को मुख्य बजट में शामिल कर दिया।

बजट सत्र में तीन तलाक बिल को पास कराना चाहेगी सरकार
बजट सत्र में सरकार तीन तलाक और अन्य बिलों को पास करवाने के लिए भी जोर लगाएगी। शीतकालीन सत्र में विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा में तीन तलाक बिल पास नहीं हो पाया था। 5 जनवरी को भारी हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। 5 जनवरी को चालू सत्र का आखिरी दिन था।

शीत सत्र में देखने को मिला हंगामा
शीतकालीन सत्र चुनाव के कारण करीब एक महीना देर से बुलाए गया था। इस सत्र की अवधि थोड़ी कम रही पिछले शीतकालीन सत्र के 21 दिवसीय कामकाज के मुकाबले इस सत्र में 14 दिन ही कामकाज हुआ। इस दौरान भी ज्यादा वक्त हंगामें की ही भेंट चढ़ा। पीएम मोदी के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर गुजरात चुनाव के दौरान टिप्पणी, सीआरपीएफ कैंप पर हमला, मुंबई आग हादसा, महाराष्ट्र हिंसा और तीन तलाक पर बिल ऐसे मुद्दे रहे, जिनको लेकर लगातार सदन में हंगामा हुआ, जिसका असर सदन के काम पर पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications