Budget Session 2024: बजट सत्र से पहले बड़ा फैसला, सभी विपक्षी सांसदों का निलंबन होगा रद्द
Parliament Budget Session: संसद के पिछले शीतकालीन सत्र के दौरान निलंबित किए गए सभी विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द किया जाएगा। संसद के बजट सत्र से पहले विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द होगा, जिसके बाद सभी सांसद 31 जनवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र में शामिल हो सकेंगे।
निर्णायक कदम उठाते हुए सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों की विशेषाधिकार समितियों के साथ चर्चा शुरू की है, और उनसे सभी विपक्षी सदस्यों के निलंबन को रद्द करने का आग्रह किया है।

146 सांसदों का हुआ था निलंबन
पिछले संसद सत्र के दौरान हंगामा और प्रदर्शन के चलते विपक्ष के 146 सांसदों को संसद से निलंबित किया गया था। ऐसे में अब बजट सत्र से पहले केंद्र ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जो राजनीतिक माहौल में संभावित नरमी का संकेत देता है।
संसदीय कार्य मंत्री ने दी जानकारी
विपक्षी सांसदों का निलंबन कार्यवाही पर मंडरा रहा एक विवादास्पद मुद्दा रद्द किया जाना तय है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान निलंबित विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द किया जाएगा।
सभी निलंबन रद्द किए जाएंगे-प्रह्लाद जोशी
निलंबित सांसदों के निलंबन को रद्द करने के बारे में पूछे जाने पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी कहते हैं, "सभी (निलंबन) रद्द किए जाएंगे। मैंने (लोकसभा) अध्यक्ष और (राज्यसभा) सभापति से बात की है, मैंने सरकार की ओर से उनसे अनुरोध भी किया है।
उन्होंने आगे कहा कि यह अध्यक्ष और सभापति का अधिकार क्षेत्र है। इसलिए, हमने उन दोनों से अनुरोध किया है कि वे संबंधित विशेषाधिकार प्राप्त समितियों से बात करें, निलंबन रद्द करें और उन्हें सदन में आने का अवसर दें। दोनों सहमत हुए।" वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या निलंबित सांसद कल (31 जनवरी) से सदन में आएंगे तो उन्होंने जवाब में हांमी भरी।












Click it and Unblock the Notifications