Budget 2022: राहुल गांधी के 'जीरो बजट' कमेंट पर बोलीं सीतारमण- उनको बजट समझने की जरूरत
Budget 2022: राहुल गांधी के 'जीरो बजट' कमेंट पर बोलीं सीतारमण- उनको बजट को समझने की जरूरत
नई दिल्ली, 1 फरवरी: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को इस साल का आम बजट पेश किया है। सरकार ने जहां इसे शानदार बजट कहा है, वहीं विपक्षी नेताओं ने इसे बिल्कुल निराशाजनक बजट कहा है। निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बजट जीरो है, इसमें कुछ नहीं है। जिस पर अब सीतारमण ने भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल को बजट की समझ ही नहीं है, उनको पहले इसे समझना चाहिए।

बजट पेश करने के बाद अपनी प्रेस वार्ता में निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा, उन्हें ट्विटर पर तुरंत किसी प्रतिक्रिया को देने से पहले बजट को समझने की कोशिश करनी चाहिए। वित्त मंत्री ने कहा, देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल के नेता ने बिनमा होमवर्क किए बजट पर टिप्पणी की है। उनको पहले उन राज्यों की फिक्र करनी चाहिए जहां उनकी पार्टी का शासन है। वो उन योजनाओं को लागू करें जिनकी घोषणा केंद्र ने की है। पंजाब, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ पर वो ध्यान दें।
क्या कहा था राहुल गांधी ने
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर इस बजट को जीरो बजट बताया। उन्होंने लिखा कि इस बजट में सैलरी वर्ग, मध्यम वर्ग गरीबों, युवाओं, किसानों और एमएसएमई के लिए कुछ नहीं मिला।
कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि बजट में गरीब, किसान और बेरोजगार के लिए कुछ नहीं है, इस बजट में सिर्फ जुमले हैं। मोदी सरकार ने देशवासियों की उम्मीदों को झटका दिया, बजट वेतनभोगी और मध्यमवर्ग की उम्मीदों को झटका है। कोरोना काल में वेतन कटौती और कमरतोड़ महंगाई झेल रहे मध्यमवर्ग को निराशा ही हाथ लगी है। राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बजट पर कहा है कि ये गरीब को और गरीब बनाने और रोजगार छीनने वाला बजट है।












Click it and Unblock the Notifications