Tamil Nadu: BSP प्रदेश अध्यक्ष की घर के बाहर घेरकर हत्या, आर्मस्ट्रांग को कुल्हाड़ी से काटा, समर्थकों का बवाल
BSP Tamil Nadu President Murder: मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष की उनके घर के बाहर घेरकर हत्या करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीएसपी प्रदेश अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग को शुक्रवार शाम चेन्नई के पेरांबूर में उनके घर के पास 6 लोगों की अज्ञात भीड़ ने हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
चेन्नई पुलिस के मुताबिक घटना सेम्बियम पुलिस एरिया में हुई, जहां बीएसपी नेता के. आर्मस्ट्रांग की पेरांबूर में उनके आवास के पास अज्ञात भीड़ ने हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इधर, बीएसपी नेता की हत्या के बाद समर्थकों में भारी आक्रोश है।

कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ किए वार
Recommended Video
बताया जा रहा है कि बाइक से आए हमलावरों ने आर्मस्ट्रांग पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए और फरार हो गए। इसके बाद आनन-फानन उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अज्ञात हमलावरों ने पेरंबूर इलाके के सदायप्पन स्ट्रीट में उनके घर के पास वारदात को अंजाम दी।
भारी संख्या में समर्थक हुए इकट्ठा
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आर्मस्ट्रांग चेन्नई नगर निगम के पार्षद भी रहे हैं। ऐसे में उनकी हत्या की सूचना मिलते ही भारी संख्या में उनके समर्थक और पार्टी नेता मौके पर पहुंचे। वहीं घटनास्थल और अस्पताल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है।
हिरासत में अब तक 8 संदिग्ध
चेन्नई उत्तर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त असरा गर्ग ने कहा, "हत्या के मामले में हमने अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। यह प्रारंभिक जांच है। हमने दस टीमें गठित की हैं। हम अपराधियों को सामने लाने के लिए काम कर रहे हैं। इन संदिग्धों से पूछताछ के बाद हम हत्या के पीछे के मकसद का पता लगा पाएंगे। कुछ धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया है।"
चेन्नई में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
बीएसपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आर्मस्ट्रांग की हत्या के विरोध में चेन्नई में एक सड़क को अवरुद्ध कर दिया। वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आलाधिकारी मौके पर हैं। पुलिस के लोग भीड़ को काबू करने का प्रयास करने में जुटे हैं।
विशेष टीमें गठित
वहीं इस हत्याकांड की जांच के लिए 10 विशेष टीमें गठित की गई हैं। चेन्नई पुलिस ने बताया कि आईपीएस, एडिशनल सीओपी (उत्तर) टीआर आसरा गर्ग के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई गई है।
मायावती ने राज्य सरकार को लेकर किया पोस्ट
बीएसपी प्रमुख मायावती ने इस घटना पर ट्वीट करते हुए लिखा, "तमिलनाडु बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग की चेन्नई स्थित उनके घर के बाहर हुई जघन्य हत्या अत्यंत निंदनीय है। पेशे से वकील, वे राज्य में दलितों की एक मजबूत आवाज के रूप में जाने जाते थे। राज्य सरकार को दोषियों को पकड़कर सख्त से सख्त सजा दिलाने का काम करना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications