संसद की कार्यवाही में शामिल BSP सांसद कुंवर दानिश कोरोना पॉजिटिव, ली थी वैक्सीन की दोनों खुराक
नई दिल्ली, 21 दिसंबर: संसद के शीतकालीन सत्र में अभी दो दिन का वक्त बचा है। इस बीच मंगलवार को बीएसपी सांसद कुंवर दानिश अली कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वो सोमवार तक सदन की कार्यवाही में शामिल हुए थे। इस वजह से उनके संपर्क में आए सभी सांसदों और स्टाफ को कोरोना जांच करवाने और खुद को आइसोलेट करने के निर्देश दिए गए हैं। हैरानी की बात तो ये है कि सांसद ने कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक समय पर ली थी।
Recommended Video

सांसद ने ट्वीट कर लिखा कि पूरी तरह से टीका लगाए जाने के बावजूद मेरी कोविड 19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कल (सोमवार) मैं संसद में भी उपस्थित हुआ। मैं उन लोगों से अनुरोध करता हूं, जो मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया खुद को अलग कर लें। सांसद ने बताया कि उन्हें बहुत ही हल्के लक्षण हैं, ऐसे में उम्मीद है कि वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे। वहीं दूसरी ओर मामला सांसद से जुड़ा है, ऐसे में हो सकता है कि जल्द ही उनके सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग करवाई जाए, ताकि ओमिक्रॉन वेरिएंट का पता लगाया जा सके।
200 के पार पहुंची ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या
डेल्टा वेरिएंट का कहर किसी तरह खत्म हुआ था, तो अब ओमिक्रॉन वेरिएंट ने टेंशन बढ़ा दी है। मंगलवार तक देशभर में ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या 200 के पार पहुंच गई, हालांकि इसमें 77 ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमिक्रॉन के 54 मामले दर्ज किए गए, जबकि तेलंगाना में 20 मामले, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15 और गुजरात में 14 मामलों का पता चला है।
कुल कितने मरीज?
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों में देश में 5,326 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 453 मरीजों की मौत हुई। इन नए आंकड़ों के साथ देश में एक्टिव केस की संख्या 79,097 हो गई है। साथ ही रिकवरी का आंकड़ा 3,41,95,060 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना से अब तक कुल 4,78,007 मौतें हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications