बसपा नेता बोले, अंग्रेजों को भारत पर और 100 साल राज करना चाहिए था
Recommended Video

नई दिल्ली। बसपा नेता का देश में पिछड़े वर्ग की परेशानी को लेकर एक विवादित बयान सामने आया है, जिसके बाद वह विवादों में घिर गए हैं। बसपा नेता धर्मवीर सिंह अशोक ने कहा कि भारत में अंग्रेजों को 100 साल तक और राज करना चाहिए था। अगर वह ऐसा करते तो एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की हालत काफी बेहतर होती। उन्होंने कहा कि अगर अंग्रेजों ने भारत पर 100 साल तक और राज किया होता तो ये सभी पिछड़े वर्ग के लोग इतने दबे-कुचले नहीं होते।

धर्मवीर सिंह अशोक ने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को पढ़ाई का मौका मिला था। अगर अंग्रेज भारत में नहीं आए होते तो यहां कोई स्कूल नहीं होता और बाबा साहब का किसी स्कूल में दाखिला नहीं होता। अंग्रेजों की वजह से ही देश में शिक्षा व्यवस्था बेहतर हुई थी, जिसकी वजह से बाबा साहब स्कूल गए और उन्होंने बेहतर पढ़ाई की। उन्होंने पिछड़े, दबे, कुचले और शोषितों के लिए काम किया। यही वजह है कि आज इस वर्ग को कुछ हद तक राहत है।
बसपा नेता ने यह बयान गुरुवार को एक रैली के दौरान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर अंग्रेजों ने बाबा साहब को पढ़ने नहीं दिया होता तो वह देश में पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए काम नहीं कर पाते है। धर्मवीर के इस बयान के बाद कई विपक्षी दल के नेताओं ने उनकी आलोचना की है। उनका कहना है कि धर्मवीर देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों का अपमान कर रहे हैं, बेहतर हो कि वह यूके चले जाएं उनका गुणगान करें।
गौरतलब है कि बसपा राजस्थान चुनाव में अपनी स्थिति को मजबूत करने में जुटी है और हर संभव वह मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रही है। गौर करने वाली बात है कि यहां बसपा अकेले ही चुनाव लड़ रही है, उसने यहां कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है।
इसे भी पढ़ें- शरद पवार का बड़ा हमला, कांग्रेस के समर्थन में कही ये बात












Click it and Unblock the Notifications