BSP ने भीम आर्मी के नेता पर दर्ज कराई धारा 420 के तहत FIR
बसपा सुप्रीमो मायावती को देश की अगली प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने के लिए 'संकल्प यात्रा' निकालने की तैयारी कर रहे बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और भीम आर्मी के नेता जयप्रकाश सिंह मुश्किलों में घिर गए हैं।
नई दिल्ली। बसपा सुप्रीमो मायावती को देश की अगली प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने के लिए 'संकल्प यात्रा' निकालने की तैयारी कर रहे बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और भीम आर्मी के नेता जयप्रकाश सिंह मुश्किलों में घिर गए हैं। बसपा ने जयप्रकाश सिंह के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए धोखाधड़ी (धारा 420) के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद जयप्रकाश सिंह को हाल ही में बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। बसपा से निकाले जाने के बाद जयप्रकाश सिंह भीम आर्मी में सक्रिय हैं।

गाजियाबाद में दर्ज हुई एफआईआर
जयप्रकाश सिंह बसपा सुप्रीमो मायावती को अगली प्रधानमंत्री प्रोजेक्ट करते हुए 28 अक्टूबर से 10 नवंबर तक एक संकल्प यात्रा निकालने वाले थे। इस यात्रा को लेकर जयप्रकाश सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से इससे जुड़ने की अपील भी की थी। यह यात्रा दिल्ली से शुरू होकर यूपी के अलग-अलग जिलों में निकलनी थी। गाजियाबाद के बसपा जिलाध्यक्ष विनोद प्रधान ने एफआईआर दर्ज कराते हुए जयप्रकाश सिंह पर आरोप लगाया कि वो पार्टी से निकाले जाने के बावजूद अनाधिकृत रूप से मायावती की फोटो लगाकर यात्रा निकाल रहे हैं।

'कार्यकर्ताओं से चंदा वसूल रहे जयप्रकाश'
बसपा जिलाध्यक्ष विनोद प्रधान ने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण जयप्रकाश सिंह को पहले ही बसपा से निष्कासित किया जा चुका है। विनोद प्रधान ने आरोप लगाया कि जयप्रकाश सिंह बसपा के बैनर और मायावती के फोटो का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं को भ्रम में डाल रहे हैं और उनसे चंदा वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश सिंह ने बिना पार्टी की अनुमति के संकल्प यात्रा निकालने का प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया, जबकि बसपा का इस यात्रा से कोई लेना-देना नहीं है। विनोद प्रधान ने जयप्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर छेड़ा हुआ था अभियान
आपको बता दें कि पिछले दिनों ही एक कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने जयप्रकाश सिंह को पार्टी से बाहर किया था। जिस समय जयप्रकाश सिंह को पार्टी से निकाला गया वो बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कॉर्डिनेटर के पद पर कार्यरत थे। पार्टी से निकाले जाने के बाद भी जयप्रकाश सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए मायावती को देश की अगली प्रधानमंत्री बनाने का अभियान छेड़ा हुआ था। इसके अलावा जयप्रकाश सिंह भीम आर्मी में भी सक्रिय तौर पर कैडर कैंप कर रहे थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद जयप्रकाश सिंह ने संकल्प यात्रा को स्थगित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications