सीबीआई का मामला देश के लिए चिंता का विषय: मायावती
नई दिल्ली। सीबीआई के दो शीर्ष अधिकारियों पर रिश्वत के आरोप, दोनों अफसरों को छुट्टी पर भेजे जाने और कई अफसरों का तबादला किए जाने पर मायावती ने चिंता जाहिर की है। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि सरकारी तंत्र के दुरुपयोग और सीबीआई को प्रभावित करने के पहले भी बुरे नतीजे हुए हैं। आज जिस तरह से सीबीआई के भीतर से खबरें आई हैं, वो देश के लिए चिंता का विषय है। हालांकि ये अच्छा है कि अब मामला सुप्रीम कोर्ट के भी सामने है।

बता दें कि सीबीआई के राकेश अस्थाना पर मीट कारोबारी मोइन कुरैशी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तीन करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है। वहीं, अस्थाना का आरोप है कि सीबीआई चीफ आलोक वर्मा ने ही 2 करोड़ रुपए की घूस ली है। सीबीआई के दो शीर्ष अफसरों का नाम रिश्वत मामले में आने के बाद केंद्र सरकार ने ज्वाइंट डायरेक्टर नागेश्वर राव को जांच एजेंसी का अंतरिम प्रमुख नियुक्त किया है।
जांच जारी रहने तक सीबीआई चीफ आलोक वर्मा और नंबर दो अफसर स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना को छुट्टी पर भेज दिया गया। अस्थाना केस की जांच कर रहे डिप्टी एसपी अजय बस्सी का ट्रांसफर कर दिया है, जांच टीम के अधिकारी अजय बस्सी को पोर्ट ब्लेयर भेजा गया है जबकि एडिशनल एसपी एसएस गुम को जबलपुर स्थानांतरित किया गया है।
कांग्रेस ने कहा है कि जिस तरह से सीबीआई के भीतर तबादले हुए और अधिकारियों को छुट्टी पर भेजा गया, उसमें पीएमओ का सीधा दखल है। इसके पीछे एक ही वजह है और वो है राफेल में मोदी का भेद खुलने का डर। भाजपा की ओर से कहा गया है कि सरकार ने केंद्रीय सतर्कता आयोग की सिफारिश पर निष्पक्ष जांच के लिए दोनों अफसरों को छुट्टी पर भेजा है। किसी अफसर को बचाने के विपक्ष के आरोप बेतुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications