फ्लाइंग मून जंप में BSF के डॉग ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, 2 फीट गहराई में छिपे सबूत खोज लेता है यह कुत्ता
'फ्लाइंग मून जंप' के दौरान एक बेल्जियम मेलोनॉइज प्रजाति के मेल कुत्ते ने 15 फीट 6 इंच की ऊंचाई तक छलांग लगाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक कुत्ते ने बुधवार को फ्लाइंग मून जंप का अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मध्य प्रदेश में बीएसएफ के नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर डॉग (एनटीसीडी) के एक प्रशिक्षण सत्र के दौरान रिकॉर्ड टूट गया। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश के टेकनपुर में बीएसएफ के नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर डॉग में हुआ। इस कुत्ते के नाम पहले सबसे लंबी फ्लाइंग मून जंप की थी।

15 फीट 6 इंच की ऊंचाई तक लगाई छलांग
'फ्लाइंग मून जंप' के दौरान एक बेल्जियम मेलोनॉइज प्रजाति के मेल कुत्ते ने 15 फीट 6 इंच की ऊंचाई तक छलांग लगाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। इस कुत्ते के हैंडलर सीटी पुष्पेंद्र शर्मा ने इस उपलब्धि हासिल करने में उसकी मदद की। कुत्तों के सूंघने की क्षमता और समझदारी का कोई सानी नहीं होता। यही वजह है कि भारतीय सेना से लेकर स्पेशल फोर्सेज में इन्हें शामिल किया जाता है। देश के वीवीआईपी सुरक्षा में इन कुत्तों पर हमेशा से भरोसा किया गया है।

व्हाइट हाउस की सुरक्षा में लगाए जाते हैं ये कुत्ते
देश की सुरक्षा में अब तक लेब्राडोर, जर्मन शेफर्ड, ग्रेट स्विस माउंटेन, बेल्जियम मेलोनॉइज कुत्ते तैनात किए जाते हैं। बेल्जियम मेलोनॉइज जमीन में दो फीट अंदर तक धंसे सबूतों को ढूढ़ निकालने में माहिर होता है। बेल्जियम मेलानॉइज फुर्तीले डॉग्स का ही इस्तेमाल दुनिया के सबसे शक्तिशाली अमेरिकी राष्ट्रपति के सरकारी निवास व्हाइट हाउस की सुरक्षा में किया जाता है।
ये खासियतें उसे बनाती हैं सबसे अलग
बेल्जियम मेलोनॉइज डॉग की मानसिक दक्षता अन्य डॉग्स के मुकाबले बेहद ज्यादा रहती है। साथ ही वे काफी तेज दौड़ते भी हैं। इन डॉग्स की औसत आयु 10-12 वर्ष रहती है। बेल्जियम मेलोनॉइज 9 गज दूरी से स्मेल को पहचान कर शिकारी का ट्रैक तलाश सकता है। यही नहीं इस नस्ल के कुत्ते 24 घंटे बाद भी व्यक्ति के रास्ते से गुजरने की गंध को पहचान लेता है। 2 से 3 फीट तक ऊंची दीवार को बिना रुके पार कर लेता है।

ये होती है एक कुत्ते की कीमत
बेल्जियम मेलोनॉइज फुर्तीले डॉग्स की एक ऐसी ब्रीड है, जो देश में सिर्फ आर्मी के पास है। इन्हीं शानदार डॉग्स को पेंच, कान्हा, पन्ना और संजय गांधी टाइगर रिजर्व में बाघों की रखवाली के लिए भी रखा गया है। एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बेल्जियम मेलानॉइज डॉग की कीमत 80 हजार रुपए से अधिक होती है।












Click it and Unblock the Notifications