81 की उम्र में येदियुरप्पा पर POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज, 17 साल की लड़की ने लगाया यौन शोषण का गंभीर आरोप
BS Yediyurappa POCSO Case: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 81 की उम्र में बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ एक नाबालिग 17 साल की लड़की ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट के मुताबिक एक महिला ने अपनी 17 साल की बेटी से बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन में यौन शोषण के खिलाफ केस दर्ज करवाए हैं। शुक्रवार तड़के बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

17 वर्षीय लड़की की मां ने 2 फरवरी को आधिकारिक मामलों की बैठक के दौरान येदियुरप्पा पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद, पुलिस ने येदियुरप्पा के खिलाफ POCSO (यौन उत्पीड़न) की धारा 8 और धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया।
येदियुरप्पा ने आरोपों पर नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
फिलहाल बीएस येदियुरप्पा ने आरोपों को लेकर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि टाइम्स नॉउ ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि, यौन उत्पीड़न की कथित घटना 2 फरवरी 2024 को हुई थी, जब मां और शिकायतकर्ता (17 साल की लड़की) यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले में येदियुरप्पा से मदद मांगने गए थे।
POCSO अधिनियम 2012 के तहत न्यूनतम सजा 3 साल की है। हालांकि, यह उस धारा के अधीन है जिसके तहत अपराध आता है। उदाहरण के लिए, धारा 4 के तहत, 16 साल से कम उम्र के बच्चे के यौन उत्पीड़न के लिए अदालत द्वारा तय की गई न्यूनतम सजा 20 साल की जेल और जुर्माना है।
येदियुरप्पा पर लगे गंभीर आरोपों पर क्या बोले कर्नाटक के गृह मंत्री
बीएस येदियुरप्पा पर लगे नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा, ''कल रात करीब 10 बजे एक महिला ने बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जब तक हमें सच्चाई पता नहीं चलता, हम कुछ भी खुलासा नहीं कर सकते हैं। यह एक संवेदनशील बात है क्योंकि इसमें एक पूर्व सीएम शामिल हैं। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई राजनीतिक एंगल है। अगर पीड़ित महिला को सुरक्षा की जरूरत है, तो दी जाएगी।''












Click it and Unblock the Notifications