WFI Wrestler Controversy: ट्विटर ट्रेंड से बृजभूषण सिंह ने किया किनारा, कहा- 'मैं पार्टी से बड़ा नहीं'
पहलवानों और कुश्ती महासंघ के बीच जारी विवाद के बीच अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि मैं दल से बड़ा नहीं हूं। इसी के साथ उन्होंने अपने समर्थकों से भी अपील की है।

WFI Wrestler Controversy: कुश्ती महासंघ को लेकर घमासान मचा हुआ है। तीन दिन तक चला नामचीन पहलवानों का धरना खत्म हो चुका है, लेकिन रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया पर उठाए गए सवालों की आग लगातार धधक रही है। खेल मंत्रालय इस विवाद पर एक्शन लेते हुए शनिवार को कुश्ती संघ के सहायक सचिव को विनोद तोमर को निलंबित कर दिया था। इसी के साथ कुश्ती फेडरेशन की सभी गतिविधियों को भी स्थगित कर दिया। वहीं अब ट्विटर ट्रेंड से बृजभूषण सिंह ने किनारा करते हुए रविवार को अपनी सफाई में एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि मैं दल से बड़ा नहीं हूं। साथ ही उन्होंने समर्थकों से भी अपील की है।
कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और यौन शोषण के आरोप झेल रहे बृजभूषण शरण सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि मैं दल से बड़ा नहीं हूं। उन्होंने अपने समर्थकों से सोशल मीडिया पर टिप्पणी नहीं करने की भी अपील की है। अपने ट्वीट में सिंह ने लिखा, "सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक स्लोगन, ग्राफिक्स, हैशटैग की जानकारी मिली है। ऐसा कुछ भी जिससे किसी राजनैतिक दल, सामाजिक संगठन, सम्प्रदाय या जाति-धर्म की गरिमा को नुकसान पहुंचे उसके प्रति मेरी असहमति है।"
उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा कि, " और मैं ऐसे पोस्ट और ट्रेंड्स का खंडन करता हूं, मै दल से बड़ा नहीं हूं, मेरा समर्पण मेरी निष्ठा प्रमाणिक है। मेरे शुभचिन्तक और समर्थक कृपया ऐसे पोस्ट से दूर रहें, लाइक तो क्या कुछ कमेंट भी ना करें।" वहीं इससे पहले और रविवार (22 जनवरी) को होने वाली मीटिंग भी रद्द कर दी गयी है।
आपको बता दें कि कुश्ती महासंघ और अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों ने मोर्चा खोला था। 18 जनवरी से लगातार तीन दिन तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देते हुए महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की है। वही खेल मंत्रालय ने एक निगरानी कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया है, जो चार हफ्तों में अपनी रिपोर्ट दर्ज करेगी। खेल मंत्रालय के आश्वासन के बाद पहलवानों ने अपना धरना खत्म कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications