MP News: BRICS संस्कृति मंत्रियों की बैठक 5 से 8 अगस्त तक भोपाल में, सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर होगा मंथन
भारत 5 से 8 अगस्त 2026 तक भोपाल में ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह और संस्कृति मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। यह बैठक सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण और संयुक्त पहलों पर केंद्रित है, जिसमें ब्रिक्स डिजिटल प्लेटफॉर्म और बहुपक्षीय यूनेस्को नामांकन शामिल हैं। इस कार्यक्रम में एक सांस्कृतिक उत्सव, प्रदर्शनियाँ और विरासत विनिमय शामिल होंगे।
भारत की ब्रिक्स (BRICS) अध्यक्षता के तहत संस्कृति मंत्रालय 5 से 8 अगस्त 2026 तक मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह (Culture Working Group) और संस्कृति मंत्रियों की बैठक का आयोजन कर रहा है। इस दौरान सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण, रचनात्मक उद्योगों और लोगों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने पर चर्चा होगी। बैठक के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और विरासत भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे।

संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कलात्मक परंपराओं और सभ्यतागत विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर होगा। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के संस्कृति मंत्री, उपमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं।
संस्कृति सचिव ने बताया कि 5 और 6 अगस्त को अधिकारी स्तर पर विभिन्न नीतिगत विषयों और मसौदों पर चर्चा होगी, जबकि 7 और 8 अगस्त को संस्कृति मंत्री एवं उपमंत्री अंतिम विचार-विमर्श कर ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की घोषणा (BRICS Culture Ministers' Declaration) को अंतिम रूप देंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्चुअल बैठक और वाराणसी में आयोजित बैठक के दौरान प्रारंभिक मसौदे पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है। भोपाल में आयोजित यह बैठक इस प्रक्रिया का अंतिम चरण होगी।
भारत ने रखे दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव
भारत ने ब्रिक्स देशों के बीच दीर्घकालिक सांस्कृतिक सहयोग के लिए दो प्रमुख प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। पहला प्रस्ताव साझा BRICS डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने का है, जहां कलाकारों की निर्देशिका, रचनात्मक उद्योगों, पांडुलिपियों और स्थापत्य विरासत से जुड़ी जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध होगी।
दूसरा प्रस्ताव यूनेस्को में संयुक्त एवं बहुराष्ट्रीय नामांकन को बढ़ावा देने का है। इसके तहत 'प्रोजेक्ट मौसम', बौद्ध विरासत और दक्षिण-पूर्व एशिया से जुड़े साझा सांस्कृतिक स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
6 और 7 अगस्त को होगा BRICS सांस्कृतिक महोत्सव
रवींद्र भवन में 6 और 7 अगस्त को BRICS सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत, बेलारूस, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया सहित अन्य सदस्य देशों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए भी खुला रहेगा, जिससे लोग विभिन्न देशों की सांस्कृतिक और प्रदर्शन कला परंपराओं को करीब से देख सकेंगे।
तीन विशेष प्रदर्शनियां भी रहेंगी आकर्षण का केंद्र
सम्मेलन के दौरान तीन प्रमुख प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी—* 'ज्ञान भारतम्' – पांडुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण और एआई आधारित अध्ययन पर केंद्रित। * 'प्रोजेक्ट मौसम' – यूनेस्को बहुराष्ट्रीय नामांकन से जुड़ी प्रदर्शनी। * 'मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत' – प्रदेश की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों का प्रदर्शन।
भारतीय संस्कृति की झलक से होगा प्रतिनिधियों का स्वागत
5 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS) का भ्रमण करेगा। यहां पारंपरिक स्वागत के साथ मृदा शिल्प प्रदर्शनी, जनजातीय आवासों का अवलोकन और सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में कथक नृत्य, पारंपरिक लोक एवं जनजातीय नृत्य तथा भारतीय पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित फैशन शो भी प्रस्तुत किया जाएगा।
'अमृतस्य मध्य प्रदेश' बनेगा मुख्य आकर्षण
7 अगस्त को आयोजित मुख्य सांस्कृतिक संध्या में 'अमृतस्य मध्य प्रदेश – एक अलौकिक सांस्कृतिक महायात्रा' प्रस्तुत की जाएगी। प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 125 से अधिक कलाकार मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत करेंगे।
प्रस्तुति में भीमबेटका, सांची, खजुराहो, उज्जैन, चित्रकूट, महेश्वर, चंदेरी, ग्वालियर और मांडू जैसी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के साथ प्रदेश के लोकनृत्य और जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही 'सिंहस्थ कुंभ 2028' का सांस्कृतिक आमंत्रण भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सांची और भीमबेटका का करेंगे भ्रमण
8 अगस्त को मंत्रिस्तरीय बैठक के समापन के बाद प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची का भ्रमण करेगा। यहां बुद्ध जंबूदीप, सांची स्तूप, चेतियागिरि मंदिर, योग एवं ध्यान सत्र तथा 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक विदेशी प्रतिनिधियों के लिए 9 अगस्त को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भीमबेटका शैलाश्रय के वैकल्पिक भ्रमण की भी व्यवस्था की गई है।
भोपाल की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से होंगे रूबरू
प्रतिनिधियों के लिए औपचारिक बैठकों के अलावा कई स्थानीय गतिविधियों की भी योजना बनाई गई है। इनमें—* हेरिटेज वॉक * शिकारा राइड * बर्ड वाचिंग * स्थानीय हस्तशिल्प की खरीदारी जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
मध्यप्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश की पारंपरिक पाक कला से भी परिचित कराया जाएगा। उनके लिए दाल-बाफला, निमोना, रिकमच, गुइया की सब्जी, चंबल का थोपा, चंदिया, बड़ा तथा कोदो-कुटकी जैसे मिलेट आधारित स्थानीय व्यंजनों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्वाद को ध्यान में रखते हुए वेस्टर्न और ओरिएंटल व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है।
सांस्कृतिक सहयोग को मिलेगा नया आयाम
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता, सभ्यतागत विरासत और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक, संस्कृति मंत्रियों की बैठक, सांस्कृतिक महोत्सव, प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक यात्राएं सदस्य देशों के बीच संवाद, आपसी सम्मान और दीर्घकालिक सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा देने का कार्य करेंगी।


Click it and Unblock the Notifications
