‘सोकर उठने के बाद लगा कि गलत जगह पर हूं, BJP में चला जाना चाहिए’, कांग्रेस छोड़ने पर बोले बॉक्सर विजेंदर सिंह
हरियाणा के ओलिंपियन बॉक्सर विजेंदर सिंह कांग्रेस को छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। विजेंदर 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे।
बीजेपी से जुड़ने के बाद विजेंदर सिंह ने कहा कि यह उनकी घर वापसी हो रही है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में खिलाडियों का मान-सम्मान बढ़ा है। मोदी सरकार जबसे बनी है, खिलाडियों को बहुत मान-सम्मान मिला है।

विजेंदर सिंह ने बीजेपी ज्वाइन करने के बाद मीडिया से कहा, "मैं बीजेपी में शामिल हुआ क्योंकि लोगों को सही राह दिखा सकूं। मैं पहले वाला ही विजेंद्र हूं। गलत को गलत और सही को सही कहूंगा। लोगों का भला करने के लिये बीजेपी से जुडा हूं। मैं बीजेपी में शामिल होकर खिलाड़ियों को भला करना चाहता हूं।"
विजेंदर सिंह कल तक कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के पोस्ट्स को रिट्वीट कर रहे थे। ऐसे में अचानक उनका कांग्रेस से बीजेपी में चले जाना किसी को पच नहीं रहा है। विजेंदर ने मंगलवार को भी राहुल गांधी का पोस्ट रिट्वीट किया था, इस वीडियो पोस्ट में एक महिला पीएम नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती नजर आ रही है।
इस बीच विजेंदर सिंह से एक जुड़ा वीडियो खूब वायरल हो रहा है। एक रिपोर्टर ने विजेंदर सिंह से पूछा कि आप कल तक राहुल गांधी का वीडियो रिपोस्ट कर रहे थे लेकिन ठीक एक दिन बाद आपका मन कैसे बदल गया? इसके जवाब में विजेंदर ने कहा, "(रिपोस्ट करने के बाद) मैं सो गया था। फिर मैं एकदम उठा तो मुझे लगा कि मैं गलत कर रहा हूं... मैं गलत प्लेटफॉर्म पर हूं...तो मुझे लगा कि बीजेपी में जाना चाहिए और यहां से लगता है कि मैं सही दिशा में जाऊंगा...इसलिए मैं बीजेपी में आया।"
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के भविष्य के बारे में पूछने पर विजेंदर सिंह ने कहा कि जनता ने खुद इसका जवाब दे दिया है। कांग्रेस को जनता ने दस सालों से बाहर रखा है। अगले 5 सालों में भी कांग्रेस की यही हालत होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications