अब छोडि़ए टेंशन और ट्रेन में बैठे-बैठे 139 पर कीजिए SMS, पाईये लज़ीज खाना
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। अगर आप ट्रेन में अपने साथ खाना ले जाना भूल गये हैं तो परेशान ना हों बस 139 नंबर पर एसएमएस भेजें और खाना बुक करा लें। जी हां भारतीय रेलवे ने आज से ई कैटरिंग सेवा शुरु करने जा रही है। यह सेवा अभी परिक्षण के आधार पर कुछ चुनिंदा ट्रेनों में कल से शुरु हो रही है। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एसएमएस भोजन सेवा दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर 25 सितंबर से छह ट्रेनों में पायलट परियोजना के रुप में शुरु की जा रही है।

जिन-जिन ट्रेनों में यह सुविधा शुरु की जा रही है उनमें दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस, कठिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, शाने पंजाब एक्सप्रेस, नयी दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस व शहीद एक्सप्रेस शामिल हैं। आईआरसीटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि इन सभी ट्रेनों में पैंटरी कार नहीं है। भोजन की सुविधा आईआरसीटीसी द्वारा प्रदान की जाएगी। योजना के अनुसार रेल यात्रियों को भोजन बुक कराने के लिए अपने पीएनआर नंबर के साथ 139 नंबर पर एसएमएस भेजना होगा।
भोजन की सुविधा आईआरसीटीसी की ओर से दी जाएगी। यात्री को सिर्फ मील लिखकर पीएनआर नंबर लिखना होगा। सीट पर भोजन देने के बाद यात्री से भुगतान लिया जाएगा। एसएमएस फूड सर्विस रेलवे की ई-कैटरिंग सेवा है। रेलवे को ट्रेनों में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए कडा प्रयास करना पड रहा है। अधिकारी ने बताया कि बाद में यह एसएमएस सेवा अन्य ट्रेनों के लिए भी शुरु की जाएगी, लेकिन यह परीक्षण के नतीजों पर निर्भर करेगा। एसएमएस के अलावा रेलवे फोन कॉल्स के जरिये भी भोजन उपलब्ध करा रहा है। भोजन बुक कराने के लिए यात्री 18001034139 या 0120-4383892-99 पर फोन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications