Bomb threat in school: दिल्ली पब्लिक स्कूल में बम की खबर निकली अफवाह, जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि जांच में पता चला कि वो सिर्फ अफवाह है।

Bomb threat in school: स्कूलों को मिल रही धमकियां रुकने का नाम नहीं ले रहीं। राजधानी में बुधवार को मथुरा रोड पर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक स्कूल के पास एक मेल आया, जब कर्मचारियों ने उसको देखा तो उनके होश उड़ गए। उसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिस पर आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी लोग मौके पर पहुंचे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक स्कूल में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। वहां पर उनकी टीम जांच कर रही। साथ ही सभी से शांति बनाए रखने की अपील की गई। वहीं बम की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए।
मामले में डिफेंस कॉलोनी एसडीएम गौरव सैनी ने कहा कि ये धमकी सिर्फ अफवाह थी। स्कूल में कोई भी आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। फिर भी उसे खाली करवा लिया गया था। दिल्ली पुलिस मेल भेजने वाले की तलाश कर रही है।
वहीं जिन बच्चों के अभिभावक वहां पहुंचे थे, उनको घर भेज दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने धमकी भेजने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस स्कूल को भी मिली थी धमकी
अभी कुछ दिनों पहले दिल्ली के इंडियन पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सादिक नगर स्थित इस स्कूल को भी धमकी भरा मेल आया था, जिस पर स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से संपर्क किया।
Recommended Video
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और स्वाट टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन उनको वहां कुछ नहीं मिला। करीब तीन राउंड के सर्च ऑपरेशन के बाद स्कूल को सुरक्षित घोषित कर दिया गया था। हालांकि वहां मौजूद बच्चे काफी देर तक परेशान रहे।












Click it and Unblock the Notifications