चंडीगढ़: CM भगवंत मान के घर के पास मिला बम, पूरे इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
चंडीगढ़ के सेक्टर दो में बम मिलने से हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास ही भगवंत मान का हेलीपैड और घर भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चंडीगढ़ में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के घर से कुछ ही दूरी पर एक बम मिला। आनन-फानन में बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के पास ही मुख्यमंत्री का हेलीपैड है, ऐसे में इसे उनकी सुरक्षा में बड़ी सेंध मानी जा रही। वहां पास में ही हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर का भी आवास है।
जानकारी के मुताबिक एक राहगीर ने चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित कोठी से कुछ ही दूरी पर राजिंदरा पार्क के पास बम का शैल देखा। उसने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहां पर मौजूद जवानों ने शैल के आसपास रेत से भरी बोरियां रख दीं और बम निरोधक दस्ते को बुलाया। मामले को देखते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। साथ ही वहां पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने भारतीय सेना को भी इस घटना की जानकारी दी है।
मौके पर डिजास्टर मैनेजमेंट के नोडल अधिकारी संजीव कोहली ने कहा कि यहां से एक जिंदा बम बरामद किया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते की मदद से इसे सुरक्षित कर लिया गया। सेना की एक टीम को बुलाया गया है। इलाके की घेराबंदी की जा रही। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
बॉर्डर पर मिला ड्रोन
वहीं दूसरी ओर भारत पाकिस्तान सीमा के अमृतसर सेक्टर में सोमवार को एक ड्रोन बरामद हुआ। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने जब इसकी जांच की तो उनको एक पैकेट हेरोइन बरामद हुई। इस ड्रोन को पाकिस्तान की ओर से भेजा गया था। फिलहाल आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications