बच्चों के लिए कार्टून अवतार में 'दबंगई' दिखाएंगे सलमान खान, इस चैनल पर आ रही एनिमेटेड सीरीज
मुंबई, मई 26: कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। ऐसा कोई भी कारोबार नहीं है, जो कोरोना के कारण प्रभावित नहीं हुआ हो, फिल्म इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं रही है। जब से कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ा है, तब से पूरे देश से सिनेमाघर बंद पड़े है। यहां तक की फिल्मों की शूटिंग तक पर फिलहाल रोक लगी हुई है। इस बीच सलमान खान की सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी दबंग अब एक एनिमेटेड सीरीज लॉन्च करने जा रही है। इस शो का प्रीमियर 31 मई को कार्टून नेटवर्क पर किया जाएगा। एनिमेटेड सीरीज के प्रोमो फिलहाल खूब पसंद किए जा रहे हैं।

छोटे पर्दे पर आ रहे चुलबुल पांडे
सलमान खान का चुलबुल पांडे सबसे पसंदीदा किरदारों में से एक है, जिसे उन्होंने बड़े पर्दे पर निभाया है। अब एक बार फिर से वो ही किरदार छोटे पर्दे पर लोगों का मनोरंजन करने आ रहा है, खासकर बच्चों के लिए यह एनिमेटेड सीरीज काफी मस्ती भरी होगी। दबंग - द एनिमेटेड सीरीज टाइटल वाले इस शो में सबसे चहेते पुलिस वाले चुलबुल पांडे एक एनिमेटेड अवतार में दिखाई देंगे।

रोजाना दोपहर 12 बजे टेलीकास्ट
दबंग- द एनिमेटेड सीरीज का प्रीमियर सोमवार 31 मई को कार्टून नेटवर्क पर होगा। चैनल पर एक एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे टेलीकास्ट किया जाएगा। फिल्म सीरीज दबंग पर बेस्ड एनिमेटेड सीरीज भी अनोखे पुलिस वाले चुलबुल पांडे के इर्द-गिर्द घूमती है और दिखाया जाता है कि कैसे वह शहर को सुरक्षित रखने के लिए बदमाशों से लड़ता है।

बॉलीवुड फ्रैंचाइजी का एनिमेटेड अवतार
एक्टर और दबंग के मेकर अरबाज खान ने एनिमेटेड सीरीज के मेकर्स की मदद की है। उसी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि हम कार्टून नेटवर्क और कॉसमॉस-माया के साथ जुड़कर काफी रोमांचित हैं, ताकि बच्चों को उनकी पसंदीदा एक्शन से भरपूर बॉलीवुड फ्रैंचाइजी को एनिमेटेड अवतार में लाया जा सका। वहीं सीरीज के साथ-साथ चैनल #ThankYouForBeingDabangg कैंपेन भी लॉन्च कर रहा है। यह पहल देश की पुलिस के हौंसलों को लेकर है, जो देशभर के बच्चों की ओर से कोरोना काल में उनके प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करेगा।












Click it and Unblock the Notifications