अनिल कपूर ने जब खाया था मिल्खा सिंह के साथ आलू परांठा, पुरानी यादों को तस्वीरों के जरिए किया बयां
मुंबई, जून 19: भारत के महान धावक 'फ्लाइंग सिख' मिल्खा सिंह का शुक्रवार (18 जून) रात को करीब 11.30 बजे निधन हो गया। मिल्खा सिंह एक महीने से कोरोना वायरस के खिलाफ बड़ी हिम्मत से जंग लड़ रहे थे, लेकिन जिंदगी की आखिरी दौड़ वो हार गए। उन्होंने चंडीगढ़ के अस्पताल में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मिल्खा सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उनके फैंस से लेकर पीएम मोदी और बॉलीवुड की हस्तियों ने उनको अपने शब्दों में श्रद्धांजलि दी। वहीं अब फिल्म स्टार अनिल कपूर ने भी मिल्खा सिंह के घर जाने और उनके परिवार के साथ बिताए पलों की कुछ झलक सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।

एक्टर ने शेयर की पुरानी यादें
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनिल कपूर ने एथलीट मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ की कुछ फोटोज को शेयर किया है। तस्वीरों को साझा करते हुए अनिल कपूर ने लिखा कि मिल्खा सिंह ने अपने घर में हमारा स्वागत किया और उनकी प्यारी पत्नी ने हमें अब तक का सबसे यादगार आलू का परांठा खिलाया। वह वास्तव में एक अद्भुत खिलाड़ी, एक अद्भुत मेजबान और सबसे बढ़कर एक अद्भुत व्यक्ति थे। सच है आप बहुत याद आएंगे। अपने इंस्टाग्राम पर अनिल कपूर ने फ्लाइंग सिख के साथ कई तस्वीरें साझा की हैं।

मिल्खा सिंह के साथ बॉलीवुड स्टार्स
अनिल कपूर ने प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह, फरहान अख्तर की भी तस्वीरें साझा कीं, एक फोटो ने यह सब स्वर्गीय मिल्खा सिंह के साथ खड़े हैं। वहीं अनिल कपूर के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए निर्देशक जोया अख्तर ने लिखा कि यह एक प्यारा दिन था। फैन्स ने भी कमेंट सेक्शन में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। एक फैन ने लिखा लीजेंड चला गया। एक और फैन ने लिखा कि हमने आज एक रत्न को खो दिया है। इससे पहले अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, शाहरुख खान, शबाना आजमी, फरहान अख्तर, प्रियंका चोपड़ा, अक्षय कुमार, तापसी पन्नू, अजय देवगन सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने उनके निधन पर संवेदना जताई हैं।

5 दिन पहले हुआ था पत्नी का निधन
आपको बता दें कि शुक्रवार को अचानक मिल्खा सिंह का ऑक्सीजन लेवल डाउन हो गया था। वो करीब एक महीने से कोरोना वायरस से संक्रमित थे, जिसके बाद उनका चंडीगढ़ के अस्पताल में ट्रीटमेंट किया जा रहा था। कोरोना से लंबी लड़ाई के बाद शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सास ली। इससे पहले 13 जून को 85 वर्षीय पत्नी निर्मल कौर को इस बीमारी ने छीन लिया था। पद्मश्री से सम्मानित मिल्खा सिंह को उनकी उपलब्धियों के लिए 'द फ्लाइंग सिख' उपनाम दिया गया था, उनके परिवार में गोल्फर पुत्र जीव मिल्खा सिंह और तीन बेटियां हैं।

आने वाली हैं दो फिल्में
वहीं इस बीच अनिल कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो राज मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म 'जग जुग जीयो' में वरुण धवन, कियारा आडवाणी और नीतू सिंह के साथ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वह रणबीर कपूर और बॉबी देओल के साथ संदीप रेड्डी वांगा की एनिमल में भी दिखेंगे। अनिल को लास्ट टाइम अनुराग कश्यप की AK Vs AK में देखा गया था, जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी। इस कॉमेडी-थ्रिलर में उनकी बेटी सोनम कपूर भी थीं।












Click it and Unblock the Notifications