तंगहाली से जूझ रही शगुफ्ता अली का दर्द सुनकर हर किसी के छलके आंसू, माधुरी ने दिया इतने लाख का चेक
नई दिल्ली, 09 जुलाई। बड़े पर्दे से लेकर टीवी के कई शो में आपने अभिनेत्री शगुफ्ता अली को देखा होगा। आजकल वह सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। दरअसल हाल ही में शगुफ्ता अली ने अपनी आर्थिक तंगी को लेकर लोगों को जानकारी दी थी और बताया था कि कैसे दिलीप कुमार ने उनकी मदद की थी। इसके बाद से लगातार शगुफ्ता अली को लोग अलग-अलग तरह से मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं। दरअसल शगुफ्ता अली की पिछले कुछ समय से तबीयत खराब है और उनके पास काम भी नहीं है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक तंगी के दौर से गुजरना पड़ रहा है।
Recommended Video

डांस दीवाने ने 5 लाख की मदद की
शगुफ्ता अली की मदद के लिए अब धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने हाथ बढ़ाया है। माधुरी ने शगुफ्ता को 5 लाख रुपए की मदद डांस रिएलिटी शो डांस दीवाने-3 की ओर से भेजी है। इस शो पर शगुफ्ता बतौर मेहमान पहुंची थीं और उन्होंने इस दौरान अपने 36 साल के अभिनय के करियर के अनुभव को लोगों के साथ साझा किया। इंस्टाग्राम पर कलर्स टीवी के अकाउंट से शो के अगले एपिसोड का नया प्रोमो शेयर किया गया है, जिसमे भावुक शगुफ्ता अली पिछले कुछ साल के अपने संघर्ष के अनुभव को साझा कर रही हैं।

4 साल के संघर्ष को साझा कर रो पड़ीं
शो में शगुफ्ता अपने संघर्ष के अनुभव को साझा करते हुए भावुक हो जाती हैं और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़ते हैं। इस एपिसोड में एक्टर अनिल कपूर, फरहान अख्तर और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी भी बतौर मेहमान नजर आएंगे। शगुफ्ता अली ने शो के दौरान कहा, मेरे एक्टिंग करियर के 36 साल में से 32 साल बेहतरीन रहे हैं। मैंने काफी संघर्ष किया है, काफी काम किया, अपने परिवार और खुद को संभाला। लेकिन चार साल पहले कई ऑडिशन हुए, कई चीजें हुईं लेकिन मुझे काम नहीं मिला। उस मुश्किल समय में मेरे पैर में दिक्कत काफी बढ़ गई थी क्योंकि मुझे मधुमेह है, इसकी वजह से मेरी आंखों पर भी इसका असर पड़ा।

भारती सिंह भी रो पड़ती हैं
अपने संघर्ष को साझा करते हुए शगुफ्ता कहती हैं कि मुझे नहीं पता आखिर क्यों मैं इन पिछले चार साल के संघर्ष को बर्दाश्त नहीं कर पाई। आंखों में आंसू लिए शगुफ्ता कहती हैं कि यह इंडस्ट्री मेरा घर है, मैंने इसे अपने 36 साल दिए हैं। शगुफ्ता के भावुक बयान को सुनकर शो की होस्ट भारती सिंह भी इमोशनल हो जाती हैं और उनकी आंखों से आंसू गिरने लगते हैं, जिसके बाद वह शगुफ्ता को गले लगा लेती हैं।

भावुक हुए लोग, माधुरी ने दिए 5 लाख
जब शो के दौरान माहौल भावुक होता है तो शो की जज माधुरी दीक्षित भी स्टेज पर आती हैं और शगुफ्ता को सांत्वना देती हैं। माधुरी कहती हैं आपने लिखा कि आपके पास कुछ बेचने के लिए भी नहीं है, आप इस मुश्किल स्थिति में आज पहुंच गई हैं, लिहाजा डांस दीवाने टीम की ओर से हम आपको 5 लाख रुपए का चेक देते हैं। जिसके बाद शगुफ्ता कहती हैं कि आपका बहुत शुक्रिया, मेरे पास धन्यवाद कहने के लिए शब्द नहीं हैं।

इंडस्ट्री से कई लोगों ने की मदद
इससे पहले गुरुवार को फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने भी इस बात की जानकारी दी थी कि शगुफ्ता को रोहित शेट्टी की ओर से भी आर्थिक मदद मिली है। अशोक ने कहा कि रोहित ने शगुफ्ता को अच्छी आर्थिक मदद दी है, इसके लिए हम उनके शुक्रगुजार हैं। खुद शगुफ्ता ने भी इस बात की जानकारी दी कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के साथी नीना गुप्ता, सुमीत राघवन, सुशांत सिंह की ओर से पहले मदद मिली है।

कार-ज्वेलरी बेचनी पड़ी
न्यूज एजेंसी पीटीआई को शगुफ्ता ने बताया कि वह 2018 से काम नहीं कर रही हैं, उनका इलाज भी काफी महंगा है, जिसकी वजह से मुझे आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद मैंने आखिरकार इंडस्ट्री के अपने दोस्तों से मदद की गुहार लगाई, उनसे मदद मांगी क्योंकि बिना मदद के मैं आगे नहीं बढ़ पा रही थी। जब काम बंद हो गया तो मेरा तनाव और अधिक बढ़ गया, जिसकी वजह से मेरा मधुमेह भी काफी बढ़ गया। मैंने खुद से अपनी चीजें बेचकर चीजों को संभालने की कोशिश की, अपनी कार, ज्वेलरी बेची, क्योंकि शुरुआत में मैं किसी से मदद नहीं मांगना चाहती थी। मेरे पास कोई म्युचुअल फंड, एफडी नहीं थी, जिसकी वजह से मैं घर नहीं चला पा रही थी।












Click it and Unblock the Notifications