ऋचा चड्ढा ने अपनी लाइफ को बताया Tanishq एड जैसा, बोलीं- अली फजल के परिवार से बहुत प्यार मिला
मुंबई। सोशल मीडिया पर बीते कुछ समय से तनिष्क के विज्ञापन को लेकर काफी विवाद चल रहा है। हिंदू-मुस्लिम एकता प्रदर्शित करने वाला ये विज्ञापन कई गलत कारणों से वायरल हो रहा है। जहां कुछ लोगों का कहना है कि इस विज्ञापन से लव जिहाद को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ये हिंदू धर्म का अपमान है। बाद में तनिष्क ने भी इसे हटा लिया। इस बीच कुछ ऐसे लोग भी सामने आए, जिन्होंने इस विज्ञापन को समर्थन दिया और इसी से जुड़ी अपनी कहानियां साझा कीं। बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने विज्ञापन को अपनी कहानी जैसा बताया है।

ऋचा- अली के परिवार से काफी प्यार मिला
ऋचा का कहना है कि उनकी प्रेम कहानी तनिष्क के इस विज्ञापन की तरह है। वह अभिनेता अली फजल से काफी प्यार करती हैं और अली का परिवार भी उन्हें काफी प्यार करता है और सम्मान देता है। ऋचा ने एक न्यूज पोर्टल से बातचीत में कहा है, मेरी जिंदगी ही उस विज्ञापन की तरह है। अली के परिवार से मुझे काफी प्यार मिला है। मेरे परिवार ने भी उसे काफी प्यार दिया है। उन लोगों के लिए मैं दुखी हूं जिनमें प्यार नहीं है और जिन्हें किसी के शादी के फैसले से भी तकलीफ होती है।

एक दूसरे को डेट कर रहे हैं ऋचा और अली
ऋचा ने उन लोगों पर तंज कसा जो एक विज्ञापन की वजह से देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ये बताने की कोशिश की है कि धर्म बेशक कोई भी हो लेकिन वो प्यार से बड़ा नहीं हो सकता। बॉलीवुड में ऋचा चड्ढा और अली फजल की जोड़ी काफी समय से सुर्खियां बटोर रही हैं। दोनों काफी समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो भी शेयर करते रहते हैं। इससे पहले ये खबर भी आई थी कि दोनों अप्रैल में शादी करने जा रहे हैं, हालांकि कोरोना वायरस महामारी के कारण इनकी शादी स्थगित हो गई।

ऋचा को लेकर क्या कहते हैं अली?
वहीं अली फजल भी ऋचा को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। एक न्यूज पोर्टल के अनुसार, अली फजल का कहना है कि वह और ऋचा मुश्किल से एक दूसरे के साथ वक्त बिता पाते हैं। लेकिन जितना भी वक्त साथ बिताते हैं उसमें दोनों ही खुश रहते हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अली फजल फिलहाल अपनी आने वाले वेब सीरीज मिर्जापुर 2 को लेकर खबरों में हैं। इस वेब सीरीज के प्रति लोगों की दीवानगी किसी फिल्म से कम नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications