'चौकीदार' की जंग में बीजेपी ने मारी बाजी, 15 लाख ट्वीट्स के साथ कांग्रेस को पछाड़ा
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट कर 'मैं भी चौकीदार' कैंपेन की शुरुआत की थी। 3.45 मिनट के इस वीडियो में केंद्र सरकार के कामकाज का जिक्र किया गया है। इसके अगले दिन यानी रविवार को पीएम मोदी के ऑफिशियटल ट्विटर हैंडल पर उनका नाम बदल गया और ये 'चौकीदार नरेंद्र मोदी' हो गया। इसके बाद बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने ट्विटर पर अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़ लिया था।

दो दिनों तक ट्विटर पर 'चौकीदार' शब्द भारत में टॉप ट्रेंडिंग था। ट्विटर पर पीएम मोदी के समर्थकों ने इसको लेकर लाखों ट्वीट कर डाले। बीजेपी नेताओं के अलावा समर्थकों ने भी हैशटैग #MainBhiChowkidar और #ChowkidarPhirSe पर बहुत से ट्वीट किए और बड़ी संख्या में ट्विटर यूजर्स ने अपने नाम के आगे 'चौकीदार' भी जोड़ लिया।
ट्विटर के आंकड़े बताते हैं कि दोनों हैशटैग #MainBhiChowkidar और #ChowkidarPhirSe ने शनिवार (16 मार्च) और रविवार (17 मार्च) को ट्विटर पर अपनी बढ़त बनाए रखी। इस बीच हैशटैग #ChowkidarChorHai कांग्रेस समर्थकों द्वारा शुरू किया गया था। हालांकि, यह सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उस तेजी से आगे नहीं बढ़ सका। दूसरी ओर, #MainBhiChowkidar को ट्विटर पर लगभग 1.5 मिलियन (15 लाख) मेंशन आए। इसके बाद #ChowkidarPhirSe का लगभग 3,00,000 बार इस्तेमाल किया गया।
जबकि #ChowkidarChorHai को 1,63,000 मेंशन आए, जो कि #MainBhiChowkidar की संख्या का लगभग 10 प्रतिशत है। शनिवार को इस कैंपेन की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया था, 'आपका चौकीदार बिना डिगे खड़ा है और देश की सेवा कर रहा है। लेकिन मैं अकेला नहीं हूं। हर वो शख्स जो भ्रष्टाचार, गंदगी, सामाजिक बुराई से लड़ रहा है वो चौकीदार है। जो भी देश के विकास के लिए काम कर रहा है वो चौकीदार है। आज हर भारतीय कह रहा है #MainBhichowkidar हूं।'












Click it and Unblock the Notifications