'BJP को बड़ी जीत मिलेगी, लेकिन मोदी मैजिक जैसा कुछ भी नहीं है': पार्टी के बड़े नेता ने क्यों किया ये दावा?
बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने दावा किया है कि 'हिंदू गौरव बढ़ने' की वजह से आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को जबर्दस्त फायदा मिलेगा। लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने किसी तरह से इसके लिए 'मोदी मैजिक' होने की बात को खारिज करने की कोशिश की है।
धारा के विपरीत अपने बयानों के लिए चर्चित रहने वाले स्वामी आजकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की नीतियों की आलोचना करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं और उनका ताजा बयान भी उसी से जोड़कर देखा जा सकता है।

पिछले प्रदर्शन को पार कर जाएगी बीजेपी- सुब्रमण्यम स्वामी
एक लॉ कॉन्क्लेव के सिलसिले में पटना पहुंचे स्वामी ने कहा है कि बीजेपी और इसके वैचारिक अभिभावक आरएसएस पर 'संगठन' और 'सिद्धांत' का व्यक्ति से कहीं ज्यादा प्रभाव है।
वे लोकसभा चुनावों में बीजेपी को 370 से ज्यादा और एनडीए को 400 से अधिक सीटें मिलने के पीएम मोदी के दावे पर पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।
पहली बार हिंदू अपनी पहचान पर गौरवांवित- सुब्रमण्यम स्वामी
उन्होंने कहा, 'मुझे भी लगता है कि बीजेपी अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन को पार कर जाएगी, क्योंकि पहली बार हिंदू अपनी पहचान पर गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। अब उन्हें वह संकोच महसूस नहीं होता, जो नेहरू के जमाने में उनपर थोपा गया था....'
'मैं नहीं समझता कि मोदी मैजिक जैसा कुछ भी है'
पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद के मुताबिक, 'कुछ लोग सोच सकते हैं कि यह बदलाव उनकी वजह से हुआ है। हमें इन चीजों को महत्त्व देने की जरूरत नहीं है.....मैं नहीं समझता कि मोदी मैजिक जैसा कुछ भी है। बीजेपी-आरएसएस में व्यक्ति का कोई आधार नहीं है। यह कांग्रेस की संस्कृति रही है।'
नीतीश की एनडीए में वापसी का भी किया स्वागत
स्वामी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जेडीयू में आने का स्वागत किया है और कहा है कि ज्यादा पाला बदलने से बचना उन्हीं के हित में है।
भाजपा नेता ने कहा कि 'वह हमेशा हमारे साथ थे। मैं अभी भी नहीं समझ पाता कि वह हमें छोड़कर क्यों गए थे। वे बुद्धिमान और जानकार हैं और उन्हें समझना चाहिए कि हिंदू भावनाओं के विरोध का जोखिम वे नहीं उठा सकते। इसलिए उन्हें संकल्प लेना चाहिए कि वे फिर कभी बीजेपी से अलग नहीं होंगे।'
राहुल-सोनिया पर भी साधा निशाना
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से बीजेपी के लिए चुनौती बनने की कोशिश पर उनका भी मजाक उड़ाया। उन्होंने नेशनल हेराल्ड केस के संदर्भ में यहां तक कहा कि 'मैं देखूंगा कि उनकी मां (सोनिया गांधी) और वे (राहुल गांधी) जेल में हों।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications