'PM सहित सभी BJP नेता जेल में होंगे', लालू की बेटी मीसा की टिप्पणी पर भाजपा हमलावर, दे डाली नाम बदलने की नसीहत
Misa Bharti PM Modi Comment: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी और पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से राजद उम्मीदवार मीसा भारती के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मीसा भारती ने गुरुवार (11 अप्रैल) को कहा कि अगर हमारी सरकार आई तो पीएम मोदी समेत बीजेपी के कई नेता जेल में होंगे।
मीसा भारती के पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान से बिहार की सियासत गरम हो गई है।अब बीजेपी ने मीसा भारती के बयान पर तंज भरा पलटवार किया है। बीजेपी ने लालू यादव की बेटी से पीएम पर दिए वाले बयान के बाद 'मीसा' नाम बदलने तक कह दिया।

अब भाजपा नेताओं ने कहा कि मीसा भारती को ऐसी टिप्पणी करने से पहले इस पर विचार करना चाहिए कि उनका नाम मीसा क्यों रखा गया?
'फिर उन्हें अपना नाम बदल लेना चाहिए'
बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मीसा भारती के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि, "मीसा भारती को इस बात पर विचार करना चाहिए कि उनका नाम मीसा क्यों रखा गया? कांग्रेस ने लालू प्रसाद यादव को मीसा (आंतरिक सुरक्षा रखरखाव अधिनियम) के तहत जेल में डाला। इस अधिनियम के तहत किसी को भी अदालत का दरवाजा खटखटाने, जमानत के लिए आवेदन करने आदि का विकल्प छोड़े बिना गिरफ्तार किया जा सकता है। यह स्थायी जेल का प्रावधान था। लालू यादव ने उस समय कांग्रेस को नष्ट करने की कसम खाई थी और इसलिए उन्होंने अपनी बेटी का नाम मीसा रखा था। क्या यह अपने पिता की कसम का मजाक उड़ा रही है? फिर उन्हें अपना नाम बदल लेना चाहिए।"
मीसा के साथ विपक्ष को भी घेरा
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि मीसा भारती की टिप्पणी से पता चलता है कि विपक्ष का अभियान किस स्तर तक गिर गया है। तावड़े ने कहा, "वे अब कह रहे हैं 'मोदीजी मरेगा'। मीसा जी ने कहा था कि मोदीजी को जेल में डाल दिया जाएगा। लेकिन देश सुनना चाहता है कि भ्रष्टाचारी जेल जाएंगे या नहीं।"
देवेन्द्र फड़णवीस ने किया पलटवार
इधर, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा कि मीसा भारती को पहले अपने परिवार के बारे में सोचना चाहिए। फड़णवीस ने कहा, "उनका परिवार कई तरह के घोटालों और भ्रष्टाचार में फंसा हुआ है। और ये आरोप हमारे द्वारा नहीं लगाए गए थे। अदालत ने उन्हें दंडित किया और इसलिए ऐसे बयान केवल लोकतंत्र का मजाक हैं।"
शहजाद पूनावाला ने साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि हर कोई दिन में सपने देख सकते हैं लेकिन मीसा भारती को याद रखना चाहिए कि भाजपा सरकार के दौरान लालू प्रसाद यादव को ना तो जेल हुई और ना ही दोषी ठहराया गया। शहजाद ने कहा, "क्या मीसा भारती अपने पिता की गिरफ्तारी के लिए यूपीए को जिम्मेदार ठहराती हैं।"
मीसा भारती ने क्या कहा?
मीसा भारती ने कहा था कि वह हमारे परिवार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि चुनावी बांड में कितना बड़ा भ्रष्टाचार है? इसका जवाब कौन देगा? अगर जनता ने हमें मौका दिया तो बीजेपी नेताओं के साथ पीएम मोदी भी जेल में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications