हेमंत करकरे को लेकर प्रज्ञा ठाकुर के विवादित बयान से बीजेपी ने झाड़ा पल्ला, बताया- उनका निजी बयान
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की ओर से शहीद हेमंत करकरे को लेकर दिए गए बयान से भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया है। दरअसल साध्वी प्रज्ञा ने गुरुवार को 26/11 मुंबई हमले में शहीद हेमंत करकरे को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि हेमंत शर्मा की मौत उनके श्राप की वजह से हुई। मैंने उससे कहा था कि तुम खत्म हो जाओगे और दो महीने से भी कम समय में उन्हें आतंकियों से मार गिराया।
|
बीजेपी बोली- यह प्रज्ञा ठाकुर का निजी बयान है
बीजेपी ने शुक्रवार को एक पत्र जारी करते हुए यह साफ कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट मानना है कि स्वर्गीय हेमंत करकरे आतंकवादियों से बहादुरी से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। भाजपा ने हमेशा उन्हें शहीद माना है। बीजेपी ने पार्टी का स्टैंड साफ करते हुए कहा है कि जहां तक साध्वी प्रज्ञा के इस संदर्भ में बयान का विषय हैं, वह उनका निजी बयान है जो वर्षों तक उन्हें हुई शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के कारण दिया गया होगा।
साध्वी प्रज्ञा पर बरसे कुमार विश्वास, बोले-चुनावी हार-जीत के लिए कुछ भी कह रहे हैं ये लोग, शर्म करो
प्रज्ञा ठाकुर ने जो कहा है वह जाहिर तौर पर शायद उनकी बात होगी
दूसरी ओर बीजेपी नेता नलिन कोहली ने कहा कि वो भारत के हर बेटे और बेटी का सम्मान करते हैं, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपना बलिदान दिया है। प्रज्ञा ठाकुर ने जो कहा है वह जाहित तौर पर शायद उनकी बात होगी। हम करकरे जी के बलिदान को सलाम करते हैं और वो इस पर राजनीति नहीं करेंगे। गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए हमले के दौरान आतंकवादियों से लड़ते हुए करकरे मारे गए थे। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे। महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख रहते हुए हेमंत करकरे ने मालेगांव ब्लास्ट के सिलसिले में साध्वी प्रज्ञा की भूमिका की जांच की थी। इसके अलावा प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि हेमंत करकरे ने उन्हें इस केस में फंसाये थे।
कांग्रेस बोली- पीएम मोदी देश से मांफी मांगे
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के इस विवादित बयान के बाद विपक्षी पार्टियों बीजेपी पर हमलावर हो गई। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि शहीदों का अपमान करने वाले इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से माफी मांगे। खबर ये भी है कि चुनाव आयोग ने प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान पर सज्ञान लिया है और राज्य के अधिकारियों से उनके बयान की जांच करने के लिए कहा गया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के बीच प्रज्ञा ठाकुर का ये बयान बीजेपी के लिए नुकसान दायक साबित हो सकता है। बीजेपी ने प्रज्ञा ठाकुर को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से टिकट दिया है, जहां कांग्रेस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को चुनाव में उतारा है।
यह भी पढ़ें- भोपाल सीट से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें