बिहार चुनाव में बीजेपी के खर्च की जानकारी आई सामने, चुनाव आयोग को पार्टी ने दिया हिसाब
नई दिल्ली, 22 मई। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान 71.73 करोड़ रुपये खर्च किए। इस दौरान पार्टी को विभिन्न स्रोतों से 35.83 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। बीजेपी ने चुनाव खर्च के बारे में मार्च में चुनाव आयोग को बताया था जिसे आयोग ने शुक्रवार को सार्वजनिक किया है।

बिहार यूनिट ने किया सबसे ज्यादा खर्च
बीजेपी ने आयोग को जो ब्यौरा दिया है उसके मुताबिक पार्टी ने बिहार में 2020 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान करीब 26.7 करोड़ रुपये अपने केंद्रीय मुख्यालय के एकाउंट से खर्च किए थे। इसमें 24.7 करोड़ पार्टी के स्टार प्रचारकों जैसे जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ के लिए चार्टर्ड एयरक्राफ्ट पर खर्च किए गए।
केंद्रीय कार्यालय के अलावा बीजेपी की बिहार यूनिट ने चुनाव के दौरान करीब 28 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके साथ ही 16.5 करोड़ रुपये पार्टी ने राज्य में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए वित्तीय मदद के रूप में दिए हैं। निर्वाचन आयोग को दिए गए चुनाव खर्च के ब्यौरे में बीजेपी ने बताया है कि पार्टी ने प्रत्येक प्रत्याशी को 15 लाख रुपये चुनाव लड़ने के लिए दिए हैं।
केंद्रीय यूनिट और राज्य इकाई ने बिहार चुनाव में खर्च का जो ब्यौरा दिया है वह कुल मिलाकर 71.73 करोड़ पहुंच रहा है। यह खर्च चुनाव की घोषणा से लेकर चुनाव खत्म होने तक किया गया है। वहीं इस दौरान पार्टी को विभिन्न स्रोतों से कुल 35.83 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इसमें केंद्रीय मुख्यालय को 31.88 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे जबकि राज्य इकाई को 3.9 करोड़ की राशि मिली थी।

चुनाव के पहले थे पार्टी के पास 2367 करोड़ रुपये
बीजेपी ने मार्च में बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुए खर्च का ब्यौरा चुनाव आयोग को दिया था। इसे शुक्रवार को आयोग ने सार्वजनिक किया है। चुनाव की घोषणा से पहले पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय और राज्य इकाई के पास संचित राशि 2367.90 करोड़ रुपये थे वहीं चुनाव के बाद यह राशि घटकर 2279.96 करोड़ रह गई है।
बीजेपी की बिहार इकाई ने राजनाथ सिंह, सुशील मोदी, देवेंद्र फडणवीस और शाहनवाज हुसैन जैसे स्टार प्रचारकों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले हेलीकॉप्टर और टैक्सी सहित यात्रा पर कुल 1.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वहीं अन्य नेताओं पर टैक्सी और ट्रेन यात्राओं पर लगभग 45.6 लाख खर्च किए।

मीडिया पर 16 करोड़ खर्च
बीजेपी की बिहार यूनिट ने 16 करोड़ रुपये मीडिया में प्रचार पर खर्च किए। इसमें 1.59 करोड़ रुपये गूगल इंडिया को दिए गए थे। चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक बिहार में एक प्रत्याशी विधानसभा चुनाव में अधिकतम 30.8 लाख रुपये खर्च कर सकता है। हालांकि राजनीतिक पार्टियों के लिए खर्च को लेकर ऐसा कोई नियम नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications