'गंदा, शर्मनाक, गैरजिम्मेदार', तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के बयान पर बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया
रेवंत रेड्डी के मुख्यमंत्री बनते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने उनके DNA वाले बयान को लेकर निशाना साधा है। भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने कहा कि रेवंत रेड्डी और उनकी पार्टी के अन्य नेता भारत को विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान, तेलंगाना में कांग्रेस को जीत दिलाने वाले रेवंत रेड्डी ने कथित तौर पर कहा कि के चंद्रशेखर राव के पास बिहार का डीएनए है जबकि उनके पास तेलंगाना का डीएनए है। पीटीआई के अनुसार उन्होंने कथित तौर पर कहा था, ''मेरा डीएनए तेलंगाना है...वे बिहार से विजयनगरम और वहां से तेलंगाना चले गए। तेलंगाना का डीएनए बिहार के डीएनए से बेहतर है।''

इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोग गंदा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बीजेपी नेता ने रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया नहीं देने को लेकर नीतीश कुमार पर भी हमला बोला।
अश्विनी चौबे ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण बयान है। कांग्रेस पार्टी के लोग इतना गंदा माहौल बनाते हैं। एक सीएम का ऐसा बयान दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। बिहार का डीएनए बहुत अच्छा है। पूरा देश इसके बारे में जानता है...बिहार के सीएम नीतीश कुमार चुप बैठे हैं। जनता उन्हें जवाब देगी।''
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने रेड्डी की टिप्पणी को "गैरजिम्मेदाराना और शर्मनाक" बताया। उन्होंने कहा, "क्या बिहार का डीएनए तेलंगाना से भी कमजोर है? देश को बांटने वाले इस बयान पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और बिहार के सीएम नीतीश कुमार चुप क्यों हैं?" उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को बांटने की कोशिश कर रही है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा, "कांग्रेस नेता देश में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। तेलंगाना के सीएम के रूप में शपथ लेने वाले रेवंत रेड्डी ने कहा कि 'उनका डीएनए बिहार के डीएनए से बेहतर है।' इससे पहले, एक कांग्रेस सांसद ने कहा था कि उत्तर और दक्षिण विभाजित है।" बीजेपी नेता ने आगे कहा कि कांग्रेस के किसी भी नेता ने अब तक उनसे उनका बयान वापस लेने क्यों नहीं कहा।
जैसा की आप जानते हैं, 90 में से 64 सीटें जीत कर कांग्रेस ने तेलंगाना में सरकार बनाई है। रेवंत रेड्डी ने आज तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। राज्यपाल तमिलिसाई साउंडराजन ने रेवंत रेड्डी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथग्रहण समारोह का आयोजन हैदराबाद के एल बी स्टेडियम में किया गया था। इस समारोह में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शामिल हुए।
यह देखें: रेवंत रेड्डी ने निभाया दिव्यांग महिला से किया वादा, मुख्यमंत्री बनते ही दी नौकरी












Click it and Unblock the Notifications