जेपी नड्डा के अध्यक्ष बनते ही भाजपा ने प्रियंका के बच्चों का विडियो शेयर कर कांग्रेस पर कसा वंशवाद का तंज
नई दिल्ली- जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा अध्यक्ष बनते ही भाजपा ने कांग्रेस पर वंशवाद को लेकर खूब हमला शुरू किया है। पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने निशाना साधा था तो अब कर्नाटक बीजेपी ने एक विडियो जारी कर कांग्रेस पर बड़ी चुटकी ली है। पार्टी ने जो विडियो शेयर किया है, उसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने दोनों बच्चों के साथ एक मंच पर दिखाई दे रही हैं। कर्नाटक बीजेपी ने इसी को लेकर कांग्रेस पर हमला किया है कि भविष्य में इन्हीं बच्चों में से कोई कांग्रेस का 'स्वामी' बनेगा।
Recommended Video

नड्डा के बहाने भाजपा का कांग्रेस पर वंशवाद का तंज
जेपी नड्डा सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के बाद पार्टी की कमान संभाली है, जो पिछले 7 महीनों से गृहमंत्री रहते हुए भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कायम थे। यह बीजेपी के परंपरा से थोड़ा अलग था, क्योंकि पार्टी 'एक व्यक्ति-एक पद' की बात करती है और आखिरकार इसी वजह से उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ा है और नड्डा निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। इसी बहाने भाजपा ने कांग्रेस की परंपरा पर तंज कसते हुए गांधी-नेहरू परिवार पर निशाना साधने की कोशिश की है कि वहां पार्टी ने एक ही परिवार का दबदबा और आम कार्यकर्ताओं का कोई महत्त्व नहीं है। गौरतलब है कि नड्डा के अध्यक्ष बनते ही पूर्व अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर यह कहकर निशाना साधा कि बीजेपी परिवारवाद से नहीं चलती। शायद इसी से उत्साहित होकर कर्नाटक बीजेपी ने एक ट्वीट के जरिए कांग्रेस पर हमला किया है।
'डियर कांग्रेस....आपकी अगली पीढ़ी के स्वामी'
कर्नाटक बीजेपी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके दोनों बच्चों का एक विडियो शेयर कर कांग्रेस पर यह कहकर हमला किया है यही बच्चे उस पार्टी के भविष्य हैं। यह विडियो केरल में पार्टी की एक रैली की है, जिसमें प्रियंका अपने दोनों बच्चों रेहान वाड्रा और मिराया वाड्रा को लेकर आई हैं और वे हाथ हिलाकर सभा में मौजूद लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। बच्चों को मंच पर लाने से पहले ही प्रियंका वाड्रा ने अपना भाषण पूरा किया था और अपने बच्चों का परिचय कराने मंच पर लाई थीं। इसी पर कर्नाटक भाजपा ने कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल आईएनसीइंडिया को टैग करते हुए लिखा है, 'डियर कांग्रेस, आपके सामने पेश हैं आपकी अगली पीढ़ी के होने वाले स्वामी.....इनमें से कोई एक आपके भविष्य का अध्यक्ष हो सकता है!!!'

अमित शाह ने भी किया परिवारवाद पर हमला
इससे पहले नड्डा के पार्टी अध्यक्ष चुने जाने पर भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि भाजपा में आम कार्यकर्ता भी अध्यक्ष और बड़े पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे अलग पार्टी इसलिए दिखाई पड़ती है, क्योंकि यह न तो वंशवाद के आधार पर चलती है और न ही यह जात-पात के आधार पर चलती है। उन्होंने कहा कि देश में कई दल अपने लोकतांत्रिक पहचान खो चुके हैं। खास परिवार के लोग ही पार्टी अध्यक्ष बनते हैं या उनमें ही मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची रहती है। जबकि बीजेपी ऐसी पार्टी है, जो परिवारवाद के आधार पर नहीं चलती।












Click it and Unblock the Notifications