इंडियन मुजाहिदीन के निशाने पर भाजपा के शहनवाज हुसैन

भाजपा के नेता सैयद शाहनवाज हुसैन आतंकवादी संगठन, इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के निशाने इसलिये हैं, क्योंकि एक मुसलमान होते हुए वो भाजपा का साथ दे रहे हैं। बिहार पुलिस के अधिकारियों के अनुसार आईएम की लिस्ट में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी सबसे पहले नंबर पर हैं। वहीं दूसरे नंबर पर शहनवाज।
शाहनवाज भाजपा के प्रवक्ता और भागलपुर से सांसद हैं। शहनवाज हुसैन पर मंडरा रहे इस खतरे की जानकारी केंद्रीय गृहमंत्रालय ने ही बिहार पुलिस को दी है। मंत्रालय ने पिछले महीने पटना पुलिस को फैक्स के जरिए शाहनवाज को खतरे के लिए सचेत किया था। पुलिस अधिकारी ने बताया, "केंद्रीय मंत्रालय के अलर्ट के बाद बिहार पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया है।"
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल में अन्य आतंकवादी संगठनों के साथ की गई बैठकों में आईएम ने शाहनवाज सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाने का फैसला किया है। पिछले हफ्ते बिहार पुलिस के खुफिया विभाग ने भाजपा के शीर्ष नेताओं को नक्सलवादियों के खतरे की चेतावनी दी थी। पटना के जोनल पुलिस महानिरीक्षक सुशील मानसिंह खोपड़े ने बताया कि सभी नक्सल प्रभावित जिलों के नेताओं को विशेष सुरक्षा देने को कहा गया है। पिछले दो महीनों में नक्सलवादियों ने राज्य में 10 पुलिसकर्मियों सहित लगभग दो दर्जन लोगों की हत्या की है।
गौरतलब है कि पिछले महीने पटना में मोदी की जनसभा से पहले हुए श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों में कम से कम छह लोग मारे गए थे और लगभग 100 लोग घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications