VIDEO: बाढ़ क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे बीजीपी सांसद नदी में गिरे, खुद डूबते-डूबते बचे
Recommended Video
नई दिल्ली। पटना के कई इलाके इस समय पूरी तरह से भारी बारिश के बाद जलमग्न हैं। इस दौरान बुधवार की शाम सांसद रामकृपाल यादव पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव बाढ़ पीड़ितों से मिलने गए थे। रामकृपाल यादव धनरूआ के चकियापर और रमनिबिगहा के बीच दरधा नदी पर टूटे तटबंध का दौरा करने निकले। तभी कुछ समर्थकों ने उनसे टायर की बनी एक छोटी से नाव में चलने की जिद की। पहले तो रामकृपाल यादव जाने से मना करते रहे, लेकिन समर्थक नहीं माने। समर्थकों की जिद के चलते वो टायर से बनी नाव पर सवार हो गए।

उनके साथ कुछ स्थानीय लोग भी नाव पर सवार थे। नाव पर लोगों के समूह के साथ खड़े रामकृपाल यादव का अचानक संतुलन बिगड़ा जिससे नाव डगमगाने लगी। नाव पर उनके साथ खड़े छह-सात लोग भी नाव के हिचकोले लेने से लड़खड़ाने लगे और एक दूसरे का सहारा लेने की कोशिश करने लगे। इस कोशिश में नाव का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और सांसद रामकृपाल यादव अपने साथ खड़े अन्य लोगों के साथ पानी में गिर गए।
रामकृपाल यादव के गिरते ही वहां पर अफरातफरी मच गई। उनमें से कुछ लोगों ने तुरंत पानी में कूदकर पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव और अन्य लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में रामकृपाल यादव व अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिसके इलाज के लिए सभी को पटना भेज दिया गया।
रामकृपाल यादव ने बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने के बाद कहा कि बाढ़ से धनरूआ व पुनपुन जलमग्न है और हाहाकार मचा हुआ है। लेकिन इसकी चिंता न तो शासन को है और न ही प्रशासन को। रामकृपाल ने कहा कि बाढ की विभीषिका से इलाके के लोगों की स्थिति नारकीय बन गई है, लेकिन प्रभावितों के बीच राहत तो दूर एक नाव तक की व्यवस्था नहीं की जा सकी है और पूरा सरकारी तंत्र पटना के राजेंद्रनगर में लगा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications