'खाता न बही....हाय रे किस्मत': महुआ मोइत्रा को निशिकांत दुबे ने 'दुबई दीदी' कहकर क्यों कसा तंज?
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का संसद में सवाल पूछने के लिए रिश्वत लेने के मामले में टीएमसी एमपी महुआ मोइत्रा के खिलाफ हमला जारी है। उन्होंने अब उन्हें 'दुबई दीदी' कहकर तंज कसा है।
दरअसल, महुआ मोइत्रा ने लोकसभा की एथिक्स कमेटी से मांग की है कि उन्हें इस मामले में दुबई के बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से जिरह की अनुमति दी जाए। इसपर भाजपा सांसद ने कहा है कि नियमों के तहत गवाहों को कानूनी प्रक्रियाओं से सुरक्षा मिली हुई है।

खाता ना बही, दुबई दीदी जो कहे वही सही- निशिकांत दुबे
महुआ ने लोकसभा की एथिक्स कमेटी को अपना जो जवाब भेजा है, उसको लेकर निशिकांत दुबे ने एक्स (ट्विटर) पर दो पोस्ट के माध्यम से उनकी ओर से की गई मांगों को लेकर निशाना साधा है। दुबे ने लिखा है, 'दुबई दीदी ने कुछ लोगों को क्रॉस एग्जामिनेशन के लिए कहा, लोकसभा के नियमों खासकर कौल-शकधर किताब के पेज 246 के तहत विटनेस कोर्ट,कचहरी, हल्ला-गुल्ला से प्रोटेक्टेड है। खाता ना बही, दुबई दीदी जो कहे वही सही। जवाब राष्ट्रीय सुरक्षा और भ्रष्टाचार का चाहिए, यहां तो अखाड़ा की तैयारी है....।'
महुआ ने 'दुबे' की जगह 'दुबई' लिखा दिया- बीजेपी सांसद
महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को लोकसभा की एथिक्स कमेटी के चेयरमैन विनोद कुमार सोनकर को पैनल से मिले समन का जवाब भेजा है। एक ट्वीट में दुबे ने महुआ के जवाब की कॉपी भी लगाई है, जिसमें टाइपिंग से संबंधित कुछ अशुद्धियां हैं, जिसकी वजह से निशिकांत दुबे को उनपर हमला करने का एक और मौका मिल गया है। इसमें उन्होंने निशिकांत दुबे के नाम में ही टाइपिंग की गलती कर दी है। इसमें 'दुबे' की जगह उन्होंने अंग्रेजी में 'Dubai'लिख दिया है।
अपने अगले एक्स पोस्ट में झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद और संसद में सवाल पूछने के लिए रिश्वत लेने के मामले में महुआ के खिलाफ शिकायत करने वाले निशिकांत दुबे ने लिखा है, 'आरोपी सांसद के ऊपर दुबई का इतना नशा है कि मेरा भी नाम Ethics Committee के चेयरमैन को लिखे पत्र में दुबई कर दिया है, मोहतरमा ने मेरा दुबे नाम बदलकर अपने मानसिक स्थिति का वर्णन कर दिया है, हाय रे किस्मत?'
महुआ ने 4 नवंबर तक मांगी पेशी से छूट
इससे पहले महुआ ने एथिक्स कमेटी से मिले समन के जवाब में पैनल के सामने पेश होने के लिए समय की और मोहलत मांगी है। महुआ पर लगे रिश्वत लेने के आरोपों की जांच लोकसभा की एथिक्स कमेटी कर रही है। महुआ ने पश्चिम बंगाल में कुछ कार्यों की वजह से 31 अक्टूबर को कमेटी के सामने पेश होने से असमर्थता जताते हुए 4 नवंबर, 2023 तक के लिए पेशी से छूट मांगी है।
31 अक्टूबर 2023 को दिल्ली में नहीं रह सकती- महुआ
उन्होंने लिखा है, 'मैं पश्चिम बंगाल राज्य का प्रतिनिधित्व करती हूं, जहां दुर्गा पूजा सबसे बड़ा त्योहार है। मैं 30 अक्टूबर से 4 नवंबर, 2023 तक अपने निर्वाचन क्षेत्र में कई पूर्व-निर्धारित विजयादशमी सम्मेलनों और बैठकों (सरकारी और राजनीतिक दोनों तरह की) में शामिल होने के लिए पहले से ही प्रतिबद्ध हूं; इसलिए 31 अक्टूबर 2023 को दिल्ली में नहीं रह सकती। '
महुआ ने हीरानंदानी से जिरह करने की मांग की है
इस जवाबी चिट्ठी में उन्होंने हलफनामे के हवाले से बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी की ओर से उनपर संसद में सवाल पूछने के बदले महंगे उपहार लेने के आरोपों के लिए उन्हें पैनल के सामने गवाही देने के लिए बुलाने की मांग की है।
महुआ ने लिखा है कि दर्शन हीरानंदानी की ओर से हलफनामा कमेटी के सामने स्वत: संज्ञान के आधार में जमा की गई है और उसे मीडिया में जारी किया गया है। उनके मुताबिक हीरानंदानी ने एक इंटरव्यू में समिति के सामने पेश होने की इच्छा भी जताई है। उन्होंने लिखा है कि जो हलफनामा सार्वजनिक है, उसमें इसकी विस्तृत सूची नहीं है कि उन्होंने कथित रूप से मुझे क्या दिया है।
इन्हीं दलीलों के आधार पर महुआ ने लिखा है, 'आरोपों की गंभीरता को देखते हुए और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए, यह आवश्यक है कि मुझे हीरानंदानी से जिरह करने के अपने अधिकार के इस्तेमाल करने की इजाजत दी जाए।'












Click it and Unblock the Notifications