साधना सिंह के समर्थन में भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह, बोले- मायावती को किन्नर कहा तो गलत क्या
लखनऊ। बसपा अध्यक्ष मायावती को किन्रर से बदतर कहने के लिए आलोचनाओं का सामना कर रही भाजपा विधायक साधना सिंह को अपनी पार्टी के एमएलए सुरेंद्र सिंह का साथ मिला है। बैरिया से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि साधना ने मायावती को जो कहा है, वो गलत नहीं है। साधना सिंह पर उनकी टिप्पणी को लेकर केस होने पर भी सुरेंद्र ने उनके लिए हर लड़ाई लड़ने की बात कही है।

जिसमें सम्मान ना हो, उसे किन्नर ही कहेंगे: सुरेंद्र सिंह
भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा, किन्नर स्वाभिमान शून्य व्यक्ति को कहा जाता है। 1995 के गेस्ट हाउस कांड की घटना के बाद भी मायावती ने जिस तरह सपा से गठबंधन किया है, उससे दिखता है कि मायावती में स्वाभिमान नहीं हैं। वह हिटलर स्वभाव की हैं और दलित ऐक्ट का डंक मारती रही हैं।

ये बोली थीं एमएलए साधना सिंह
यूपी के मुगलसराय से भाजपा विधायक साधना सिंह ने एक सभा में कहा था कि मायावती न तो महिला और न पुरुष, वे किन्नर से भी बदतर हैं। उन्होंने लखनऊ के गेस्ट हाउस में हुए चीरहरण को भूलकर सपा से गठबंधन किया है। जबकि बीजेपी के नेताओं ने ही उनका मान-सम्मान बचाया था। एक चीरहरण हुआ था द्रौपदी का, तो उन्होंने दुशासन से बदला लेने की प्रतिज्ञा ली। वो एक स्वाभिमानी महिला थी। और एक आज की महिला है, सब कुछ लुट गया और फिर भी कुर्सी पाने के लिए अपने सारे सम्मान को बेच दिया।

मांग चुकी हैं माफी
विधायक साधना सिंह ने बसपा प्रमुख मायावती पर की गई टिप्पणी के लिए माफी मांग ली है।साधना सिंह ने अपने बयान पर कहा है कि मेरा किसी का अनादर करने का कोई इरादा नहीं था, अगर किसी को मेरी बातों से दुख पहुंचा है तो मैं खेद व्यक्त करती हूं।












Click it and Unblock the Notifications